दर्दनाक हादसा: ट्रक में घुसी कार, पूर्व गृहमंत्री की बेटी समेत 3 की मौत,कमलनाथ सरकार में गृहमंत्री रहे बाला बच्चन

इंदौर के तेजाजी नगर बायपास पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है. इस दुखद दुर्घटना में मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और वर्तमान राजपुर विधायक बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा समेत तीन लोगों की मौत हो गई है.

दर्दनाक हादसा: ट्रक में घुसी कार, पूर्व गृहमंत्री की बेटी समेत 3 की मौत,कमलनाथ सरकार में गृहमंत्री रहे बाला बच्चन

इंदौर में बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां पूर्व मंत्री की बेटी समेत तीन की मौत हो गई, बताया जा रहा है उनकी कार ट्रक में घुस गई थी.

Bala Bachchan Daughter Death: मध्य प्रदेश के इंदौर में 9 जनवरी की सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ है, यहां एक कार ट्रक में घुस गई, इस घटना में एमपी के पूर्व गृहमंत्री की बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई है. घटना सुबह के वक्त की बताई जा रही है, जहां इंदौर के तेजाजी नगर बायपास रालामंडल के पास यह हादसा हुआ है. हादसे में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और वर्तमान में बड़वानी जिले की राजपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा सहित दो अन्य युवक मन संधू और प्रखर की मौत हो गई है, जबकि एक लड़की गंभीर रूप से घायल है. घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है. 

सुबह 5 बजे के आसपास हुआ हादसा 

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह 5 बजे के आसपास यह हादसा हुआ है, ठंड की वजह से कोहरा भी छाया हुआ था. बताया जा रहा है कि बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा समेत उनके दोस्त कही घूमने के लिए निकले थे, कार में प्रेरणा के अलावा प्रखर कासलीवाल, मनसिन्धु और अनुष्का नाम की लड़की बैठी थी. जानकार के मुताबिक प्रखर का जन्मदिन था, जहां सभी रात में बर्थडे पार्टी मनाकर लौट रहे थे. कार भी प्रखर ही चला रहा था, जहां सुबह के वक्त अचानक से कार सीधी ट्रक में जा घुसी. एक्सीडेंट इतना जोरदार था कि मौके पर तीनों ने दम तोड़ दिया. घटना की जानकारी लगते ही पूर्व मंत्री बाला बच्चन के भी अस्पताल पहुंचने की जानकारी सामने आई है. जबकि कार में सवार दूसरे युवको के परिजनों को भी जानकारी दे दी गई है.

कमलनाथ समेत कई नेताओं ने जताया दुख 

पूर्व मंत्री बाला बच्चन की बेटी के निधन पर कांग्रेस के सीनियर नेताओं ने दुख जताया है, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए लिखा 'इंदौर में एक सड़क हादसे में मेरे साथी और मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की सुपुत्री प्रेरणा के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ, यह अत्यंत हृदयविदारक घटना है. मेरी सहानुभूति श्री बाला बच्चन के परिवार के साथ है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिवार को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करे. पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कांग्रेस के कई नेताओं ने दुख जताया है.

पुलिस ने बढ़ाई चौकसी 

वहीं घटना की जानकारी लगते ही पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है. पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश शुरू कर दी गई है. आसपास के थानों को भी जानकारी दी गई है और नाकेबंदी कर दी गई है. पुलिस ने बताया कि हादसा बहुत खतरनाक था, क्योंकि कार पूरी तरह से टूट चुकी है, कार के परखच्चे उड़ गए थे, जबकि शव बुरी तरह से कार में ही फंस गए थे. मृतकों की उम्र 25 साल के आसपास बताई जा रही है. 

इंदौर में रहती थी पूर्व मंत्री की बेटी 

बताया जा रहा है कि कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा इंदौर में रहकर पढ़ाई कर रही थी. बाला बच्चन बड़वानी जिले की राजपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक हैं, वह कमलनाथ सरकार के दौरान राज्य के गृहमंत्री रहे थे. बाला बच्चन एमपी में कांग्रेस के बड़े आदिवासी नेता माने जाते हैं.