हिस्ट्रीशीटर बदमाश की गुंडागर्दी का वीडियो वायरल,पिस्टल दिखाकर युवक को पीटा, पत्नी के पैर चुमवाकर मंगवाई माफी
रायपुर में एक हिस्ट्रीशीटर अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक की बेहरमी से पिटाई कर रहा है और उससे बंदूक दिखाकर माफी मंगवा रहा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियों में आरोपी के पास पिस्टल नजर आ रही है।
हिस्ट्रीशीटर बदमाश की गुंडागर्दी का वीडियो वायरल। डंडे से मारते और धमकाते नजर आया बदमाश
छत्तीसगढ़ के रायपुर में हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने अपनी पत्नी और दोस्तों के साथ मिलकर युवक की पिटाई कर दी. युवक से पहले मारपीट की गई इसके बाद बदमाश ने उससे माफी मंगवाई, फिर अपनी पत्नी के पैर चुमवाए. इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है.
बेरहमी से की युवक की पिटाई
जो वीडियो सामने आया है, उसमें दिख रहा है कि विक्की खोचड़ नाम का युवक रानू सिंह की बेरहमी से पिटाई कर रहा है. एक युवती और कुछ लड़के भी वहां मौजूद हैं. जो लगातार डंडे और लोहे की रॉड से युवक को पीट रहे हैं. इस दौरान युवक लगातार माफी मांगता रहा और गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन बदमाश और उसके साथी गाली-गलौज के साथ मारपीट करते रहे.
पिस्टल दिखाकर दी धमकी
इसी वीडियो में बदमाश कह रहा है कि उस पर पहले से ही कई केस चल रहे हैं. वह युवक को पूछ रहा है कि उसका पुलिस थाने में नाम क्यों लिया. इसके बाद युवक कहता है कि उसने ऐसा नहीं किया है. इसी दौरान बदमाश अपने कमर में रखी पिस्टल को दिखाता है और युवक को डराता है. बदमाश ने युवक को जान से मारने की धमकी भी दी.
पत्नी के चुमवाए पैर
मारपीट के दौरान युवक बार-बार बदमाश से माफी मांगता रहा. बदमाश ने अपनी पत्नी के पैर चुमवाकर युवक से माफी भी मंगवाई. इसे पूरे घटनाक्रम में युवती भी शामिल रही. वह भी युवक को डंडे से पीट रही थी. युवक से बदमाश ने कहा कि वह शहर का बाप है. उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है. बदमाश ने इस घटना का वीडियो भी बनवाया.
बदमाश पर दर्ज हैं कई मामले
इस मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी दीपक पासवान ने बताया कि वीडियो सामने आया है. इस मामले में आरोपियों की पहचान की जा रही है. इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी. बताया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहा एक आरोपी विक्की हिस्ट्रीशीटर है. उस पर पहले से मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसे मामले दर्ज हैं.
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस