सूरज की किरणों से समृद्धि की नई इबारत: बुंदेलखंड का जालौन बना सौर ऊर्जा का उभरता हब
बुंदेलखंड का जालौन अब सौर ऊर्जा क्षेत्र में तेजी से उभरता केंद्र बन रहा है। उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा नीति-2022 और जिला प्रशासन के प्रयासों से जनपद में 300 मेगावाट से अधिक क्षमता की सौर परियोजनाएं स्थापित हुई हैं, जिनमें करीब 1500 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। 23 हजार एकड़ भूमि बैंक तैयार कर लगभग 4000 मेगावाट उत्पादन की संभावनाएं विकसित की जा रही हैं।
300 मेगावाट से अधिक सौर परियोजनाएं, 1500 करोड़ निवेश और 23 हजार एकड़ भूमि बैंक के साथ जालौन हरित ऊर्जा के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है
उरई ।बुंदेलखंड की धरती, जो कभी जल संकट और सीमित संसाधनों के कारण विकास की चुनौतियों से जूझती रही, आज उसी धरती पर एक नई ऊर्जा क्रांति आकार ले रही है। जालौन जनपद अब केवल कृषि आधारित पहचान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सौर ऊर्जा उत्पादन का एक मजबूत केंद्र बनकर उभर रहा है। यह परिवर्तन उत्तर प्रदेश सरकार की दूरदर्शी नीतियों, विशेषकर उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा नीति-2022, तथा जिला प्रशासन के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में जनपद में सौर ऊर्जा क्षेत्र में जो कार्य हुआ है, वह न केवल निवेश के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, रोजगार सृजन और आर्थिक विकास के नए आयाम भी स्थापित कर रहा है। पिछले पांच वर्षों में जालौन जनपद में 300 मेगावाट से अधिक क्षमता की सोलर पार्क परियोजनाएं स्थापित की गई हैं। इन परियोजनाओं में निवेशकों द्वारा लगभग 1500 करोड़ रुपये का निवेश किया गया, जिसने जनपद की आर्थिक संरचना को नई मजबूती प्रदान की। यह केवल आंकड़ों की उपलब्धि नहीं, बल्कि यह विश्वास का प्रतीक है—विश्वास उस नीति पर, जो निवेशकों को सुरक्षा, सुविधा और स्थायित्व प्रदान करती है। उत्तर प्रदेश सरकार की सौर ऊर्जा नीति-2022 के अंतर्गत जनपद में 215 मेगावाट की सौर परियोजनाओं को विशेष प्रोत्साहन दिया गया। इसमें 10 मेगावाट से अधिक क्षमता वाली तीन प्रमुख परियोजनाओं को ट्रांसमिशन लाइन और सड़क जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे परियोजनाओं का संचालन सुगम और प्रभावी बन सका। यह पहल स्पष्ट करती है कि सरकार केवल योजनाएं बनाकर ही नहीं, बल्कि उनके सफल क्रियान्वयन के लिए हर आवश्यक संसाधन भी सुनिश्चित करती है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में दीर्घकालिक विकास सुनिश्चित करने के लिए जालौन में ग्रीन कॉरिडोर परियोजना को भी प्राथमिकता दी गई। इस परियोजना के अंतर्गत नए विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना और सौर ऊर्जा के सुचारु संचरण के लिए मजबूत आधारभूत संरचना तैयार की जा रही है।जिलाधिकारी के निर्देशन में एक अभिनव पहल करते हुए सरकारी और निजी कृषकों के सहयोग से लगभग 23,000 एकड़ भूमि का भूमि बैंक तैयार किया गया। इसमें अनुपयोगी और बंजर भूमि को चिह्नित कर उसे सौर परियोजनाओं के लिए उपयोग में लाने की योजना बनाई गई। यह कदम न केवल भूमि के बेहतर उपयोग का उदाहरण है, बल्कि यह ग्रामीण क्षेत्रों में निवेश को आकर्षित करने की दिशा में भी एक बड़ा प्रयास है। इस भूमि बैंक के माध्यम से लगभग 4000 मेगावाट सौर विद्युत उत्पादन की संभावनाएं विकसित की जा रही हैं, जो आने वाले समय में जालौन को देश के प्रमुख सौर ऊर्जा केंद्रों में शामिल कर सकती हैं। जनपद में ऊर्जा क्षेत्र की संभावनाओं को देखते हुए बड़े सार्वजनिक उपक्रमों ने भी रुचि दिखाई है। शासन स्तर से BSUL, Coal India और NLC जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों को 2350 मेगावाट की परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई है, जिनका कार्य शीघ्र प्रारंभ होने जा रहा है। इन कंपनियों की भागीदारी न केवल निवेश को बढ़ाएगी, बल्कि अत्याधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन और दीर्घकालिक विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह जालौन के लिए एक बड़ा अवसर है, जहां स्थानीय संसाधनों का उपयोग करते हुए वैश्विक स्तर की परियोजनाएं स्थापित हो रही हैं। सौर ऊर्जा परियोजनाओं का सबसे बड़ा लाभ यह है कि यह स्वच्छ और हरित ऊर्जा का स्रोत है। जालौन में स्थापित और प्रस्तावित सौर परियोजनाओं से लगभग 15 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन होने का अनुमान है, जिससे प्रति वर्ष लगभग 55 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी लाई जा सकेगी। यह पहल न केवल जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में सहायक है, बल्कि यह उत्तर प्रदेश सरकार की उस प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है, जिसमें विकास और पर्यावरण संरक्षण को साथ-साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। बुंदेलखंड जैसे संवेदनशील क्षेत्र में यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करेगी। सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार से जालौन में केवल ऊर्जा उत्पादन ही नहीं बढ़ रहा, बल्कि इसके साथ-साथ रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं। अनुमान है कि इन परियोजनाओं के माध्यम से जनपद में लगभग 16,000 करोड़ रुपये का निवेश होगा, जिससे स्थानीय स्तर पर छोटे-बड़े व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा। निर्माण कार्यों के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल रहा है, वहीं परियोजनाओं के संचालन और रखरखाव में भी स्थायी रोजगार के अवसर उत्पन्न हो रहे हैं। इसके अलावा परिवहन, खान-पान, निर्माण सामग्री और अन्य सहायक सेवाओं से जुड़े व्यवसाय भी तेजी से विकसित हो रहे हैं। यह परिवर्तन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्रदान कर रहा है, जिससे पलायन की समस्या में भी कमी आएगी। जालौन में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में जो उपलब्धियां हासिल हुई हैं, वे उत्तर प्रदेश सरकार के उस व्यापक विजन का हिस्सा हैं, जिसमें राज्य को ऊर्जा आत्मनिर्भर और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना लक्ष्य है। सरकार की नीतियों ने निवेशकों को भरोसा दिया, प्रशासन ने उन्हें जमीन पर उतारा और स्थानीय समुदाय ने इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई—इसी समन्वय का परिणाम है कि जालौन आज ऊर्जा क्षेत्र में एक नई पहचान बना रहा है।आज जालौन की पहचान केवल एक पारंपरिक जनपद के रूप में नहीं, बल्कि हरित ऊर्जा और सतत विकास के मॉडल के रूप में स्थापित हो रही है। जहां कभी बंजर भूमि बेकार पड़ी रहती थी, आज वहीं से ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है, रोजगार पैदा हो रहा है और समृद्धि की नई कहानी लिखी जा रही है।यह सफलता की कहानी बताती है कि जब नीतियां दूरदर्शी हों, प्रशासन सक्रिय हो और समाज सहयोगी हो, तो किसी भी क्षेत्र का कायाकल्प संभव है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस