शादी में शराब नहीं पिलाने पर बवाल: पड़ोसियों ने घर में घुसकर दूल्हा-दुल्हन समेत परिवार और मेहमानों को बेरहमी से पीटा
बेटे की शादी की खुशी में पड़ोसियों को शराब नहीं पिलाने से नाराज आरोपियों ने दूल्हा-दुल्हन समेत दूल्हे की मां और अन्य परिजनों पर हमला कर दिया। अब दोनों पक्षों ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है।
एमपी के ग्वालियर में शादी की खुशी में शराब नहीं पिलाने पर पड़ोसियों ने दूल्हा-दुल्हन और परिवार को पीट दिया। घर में रखा सामान और नगदी भी लूट ली।
ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक परिवार ने बेटे की शादी की खुशी में पड़ोसियों को शराब नहीं पिलाई, तो बवाल हो गया. पड़ोसियों ने दूल्हे की मां और परिवार पर हमला कर दिया. दूल्हा-दुल्हन सहित परिवार और रिश्तेदारों को पीटा. इसके बाद आरोपी घरेलू सामान के साथ रुपये लूट ले गए. बीच-बचाव में मेहमानों ने भी पड़ोसियों को पीट दिया. पीड़ित दूल्हे के परिवार ने ग्वालियर एसपी के पास पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है. मिली जानकारी के अनुसार, आरोन थाना क्षेत्र के पटाई गांव में रहने वाले महेश जाटव की 30 मार्च को हुई थी. शादी के बाद महेश दुल्हन लेकर अपने गांव पटाई पहुंचा था और रात के समय मेहमान और परिवार के लोग खाना खा रहे थे. इसी दौरान गांव में ही रहने वाले मनोज जाटव, हरनाम, भीम और नव किशोर जाटव आए और दूल्हे महेश के परिवार से शादी की खुशी में शराब के लिए रुपये मांगने लगे. जब महेश के परिवार ने शराब के रुपये देने से मना किया, तो आरोपियों ने शादी वाले परिवार के लोगों के साथ जमकर मारपीट की.
चारों ने महेश और दुल्हन के साथ ही बीच-बचाव करने आई दूल्हे की मां शीला जाटव और अन्य के साथ मारपीट की. मारपीट के बाद हमलावर पड़ोसी दूल्हे के घर में रखा सामान और कुछ नगदी ले गए. बाद में पीड़ित परिवार में मौजूद मेहमानों ने भी विरोध किया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई. इसी बात की शिकायत लेकर दूल्हे की मां शीला जाटव और परिवार के लोग एसपी ऑफिस पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की.
शराब के लिए पैसे न देने पर मारपीट
पुलिस का कहना है कि पटाई गांव में शादी वाले परिवार और उनके पड़ोसियों के बीच शराब के पैसे की मांग को लेकर विवाद हुआ है. इसमें दोनों ही पक्षों के बीच मारपीट हुई. दोनों की तरफ से आवेदन मिला है, घायलों को मेडिकल कराए गए हैं. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी. प्रारंभिक तौर पर शादी वाले परिवार का आरोप है कि पड़ोसियों ने शराब के लिए रुपये मांगे और जब उन्होंने मना किया, तो फिर मारपीट और लूट की घटना को अंजाम दिया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
ग्वालियर के सीएसपी मनीष यादव ने कहा कि यह मंगलवार रात की घटना है. दो पक्षों में शराब के पैसों को लेकर मारपीट हुई थी. इस मामले में केस दर्ज हुआ है. दोनों पक्षों पर कार्रवाई की जाएगी. मामले की जांच की जा रही है.
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस