बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई विभागों में नए सचिवों की हुई नियुक्ति-10 से ज्यादा मंत्रालयों को मिले नए सेनापति
मौजूदा फाइनेंशियल ईयर 31 मार्च को समाप्त हो गया. इसी दिन केंद्र सरकार ने ब्यूरोक्रेसी में बड़ा फेरबदल करते हुए कई अहम मंत्रालयों में नए सेक्रेटरी अपॉइंट किए हैं. ये बदलाव प्रशासनिक सुधार, सूचना-प्रसारण, ग्रामीण विकास और अन्य विभागों में हुए हैं.
केंद्र सरकार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है. संजय लोहिया संभालेंगे वित्तीय सेवा विभाग की कमान, एम. नागराजू मई में होंगे रिटायर. जानें किस मंत्रालय में कौन बना नया सचिव.
कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने 31 मार्च 2026 को केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों में कई उच्च-स्तरीय नियुक्तियों और फेरबदल को मंजूरी दी. इसके तहत निवेदिता शुक्ला वर्मा को प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है. चंचल कुमार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का सचिव बनाया गया है. संजय जाजू उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय के सेक्रेटरी बनाए गए.
नरेंद्र भूषण को डिपार्टमेंट ऑफ लैंड रिसोर्स, चंद्र शेखर कुमार को नेशनल रेनफेड एरिया अथॉरिटी का सीईओ नियुक्त किया गया. श्रीवत्स कृष्ण को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, रोहित कंसल को ग्रामीण विकास विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है.
संजय लोहिया को डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विस, भरत हरबंसलाल खेड़ा को MSME, भुवनेश्वर कुमार को पर्यटन मंत्रालय में सचिव स्तर की जिम्मेदारी दी गई. अभिषेक सिंह को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) का डायरेक्टर जनरल नियुक्त किया गया. तेजवीर सिंह को रसायन और पेट्रोकेमिकल विभाग की कमान दी गई है
चंचल कुमार बिहार कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं. वह लंबे समय से बिहार सरकार में प्रशासनिक और नीतिगत कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे. वह सीएम नीतीश कुमार के चीफ सेक्रेटरी भी रह चुके हैं. नरेंद्र भूषण को डिपार्टमेंट ऑफ लैंड रिसोर्स की जिम्मेदारी दी गई है. वह यूपी कैडर के आईएएस अधिकारी है. वह उत्तर प्रदेश सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव, ऊर्जा विभाग और तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.
चंद्रशेखर कुमार ओडिशा कैडर के आईएएस ऑफिसर हैं. संजय जाजू तेलंगाना कैडर के IAS अधिकारी हैं. फिलहाल वह सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव हैं. वह रक्षा मंत्रालय के उत्पाद विभाग के अपर सचिव भी रह चुके हैं. आंध्र प्रदेश में MeeSev परियोजना में एक प्रमुख भूमिका निभाई थी. श्रीवत्स कृष्ण मिनिस्ट्री ऑफ टूरिज्म के सेक्रेटरी रह चुके हैं.
मंत्रालयों में नए सेनापतियों की एंट्री
सरकार ने सिर्फ एक विभाग नहीं, बल्कि कई और अहम मंत्रालयों के मुखिया बदल दिए हैं.
प्रशासनिक सुधार: निवेदिता शुक्ला वर्मा को प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (DARPG) का सचिव बनाया गया है. साथ ही उनके पास पेंशन विभाग की भी जिम्मेदारी होगी.
सूचना एवं प्रसारण: चंचल कुमार को सूचना और प्रसारण मंत्रालय भेजा गया है, जबकि संजय जाजू अब उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के विकास मंत्रालय (DoNER) का जिम्मा संभालेंगे.
जमीन और संसाधन: नरेंद्र भूषण को भूमि संसाधन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है.
अल्पसंख्यक और रसायन: श्रीवत्स कृष्णा अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय को लीड करेंगे, वहीं तेजवीर सिंह को रसायन और पेट्रोकेमिकल विभाग की कमान दी गई है.
ग्रामीण विकास और MSME में भी नई नियुक्तियां
गांवों के विकास की जिम्मेदारी अब रोहित कंसल के कंधों पर होगी. उन्हें ग्रामीण विकास विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है. वह शैलेश कुमार सिंह की जगह लेंगे, जो जल्द ही रिटायर होने वाले हैं. छोटे उद्योगों यानी MSME मंत्रालय की बात करें तो वहां भरत हरबंसलाल खेड़ा नए सचिव होंगे. फिलहाल वह वहां विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) के रूप में तैनात थे.
शिक्षा और परीक्षा के क्षेत्र में भी एक बड़ा बदलाव हुआ है. अभिषेक सिंह को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) का महानिदेशक (DG) बनाया गया है. पर्यटन मंत्रालय की जिम्मेदारी अब भुवनेश कुमार के पास होगी. इसके अलावा, संजय रस्तोगी और सज्जन सिंह यादव जैसे कुछ अधिकारियों को उनकी वर्तमान पोस्ट पर रहते हुए ही सचिव रैंक में प्रमोट (In-Situ Upgradation) कर दिया गया है.
क्यों अहम है यह प्रशासनिक सर्जरी?
इतने बड़े पैमाने पर अधिकारियों की तैनाती महज एक रुटीन काम नहीं है. सरकार चाहती है कि नीतिगत फैसलों और उनके लागू होने के बीच जो दूरी है, उसे कम किया जाए. खास तौर पर वित्तीय सेवा विभाग में बदलाव ऐसे समय पर हो रहा है जब देश बैंकिंग रिफॉर्म्स और क्रेडिट ग्रोथ पर फोकस कर रहा है. नए अनुभवी अधिकारियों के आने से उम्मीद है कि सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन और भी तेज और सटीक होगा.
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस