नकाबपोश का आतंक : राजधानी में आधे घंटे में तीन छात्राओं पर चाकू से हमला, इनमें से एक का चेहरा बिगाड़ा

मध्य प्रदेश के भोपाल में एक हैरान करने वाली घटना घटी। यहां एक युवक ने बिना किसी जान पहचान के 3 युवतियों पर अलग-अलग इलाकों में चाकू से हमला किया। इसका सीसीटीवी भी सामने आया है।

नकाबपोश का आतंक : राजधानी में आधे घंटे में तीन छात्राओं पर चाकू से हमला, इनमें से एक का चेहरा बिगाड़ा

भोपाल में एक सिरफिरे ने अलग-3 छात्राओं पर चाकू से हमला कर दिया। घटनाएं गुरुवार रात 10:30 से 11:00 बजे के बीच हुईं। दो हमले पिपलानी और एक अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में हुआ। पीड़िताओं ने आरोपी की उम्र 30 से 35 साल बताई है।

भोपाल में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पिपलानी और अयोध्या नगर क्षेत्रों में एक सिरफिरे बाइक सवार ने तीन कॉलेज छात्राओं पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जबकि एक को मामूली चोटें आई हैं। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

घर के पास टहल रही छात्रा पर हमला

जानकारी के अनुसार, पिपलानी इलाके की 21 वर्षीय छात्रा रात करीब 11 बजे अपने घर के पास टहल रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कटर जैसे धारदार हथियार से छात्रा के पैर पर हमला कर दिया। हमलावर ने चेहरे पर रुमाल बांध रखा था और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।

दूसरी युवती को भी बनाया निशाना

इसी क्षेत्र में कुछ ही देर बाद आरोपी ने एक अन्य युवती पर भी हमला किया, हालांकि उसे ज्यादा गंभीर चोट नहीं आई। लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया।

अयोध्या नगर में तीसरी वारदात

कुछ समय बाद अयोध्या नगर इलाके में 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा को भी इसी तरह निशाना बनाया गया। रात करीब 11:30 बजे जब वह घर के बाहर थी, तभी बाइक सवार युवक ने रास्ता रोककर बहस की और फिर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बचाव के दौरान युवती की नाक पर चोट आई।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी फरार

पिपलानी और अयोध्या नगर थानों में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आशंका जताई जा रही है कि तीनों घटनाओं के पीछे एक ही आरोपी हो सकता है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।