ईरानी डेरे पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई: 400 पुलिसकर्मी तैनात, 39 बदमाश गिरफ्तार,पुलिस की घेराबंदी से मचा हड़कंप

भोपाल पुलिस ने पूरे शहर में अभियान चलाकर कुल 408 आरोपियों को पकड़ा। इसके साथ ही एक करोड़ रुपए कीमत का 644 ग्राम सोना भी जब्त किया गया। वहीं, ईरानी डेरे से 1700 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

ईरानी डेरे पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई: 400 पुलिसकर्मी तैनात, 39 बदमाश गिरफ्तार,पुलिस की घेराबंदी से मचा हड़कंप

भोपाल में ईरानी डेरा पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। यहां से कुल 39 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही अन्य जगहों से भी गिरफ्तारियां हुई हैं। इस में यूपी का मोस्ट वांटेंड शहादत भी शामिल है।

भोपाल। निशातपुरा स्थित अमन कॉलोनी (ईरानी डेरा) में बुधवार तड़के पुलिस ने बेहद गोपनीय रणनीति के तहत अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन चलाया। करीब 400 पुलिसकर्मी सरकारी वाहनों के बजाय मैजिक और टेम्पो जैसे सामान्य वाहनों में सवार होकर मौके पर पहुंचे, जिससे आरोपियों को भनक तक नहीं लगी। अचानक हुई घेराबंदी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और कई संदिग्धों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।

32 टीमों की सटीक प्लानिंग, 23 ने घेरा, 9 ने की सर्चिंग

एसीपी अक्षय चौधरी के नेतृत्व में बनाई गई रणनीति बेहद सटीक रही। कुल 32 टीमों में से 23 टीमों ने पूरे इलाके को चारों ओर से सील कर दिया, ताकि कोई भी आरोपी भाग न सके। वहीं 9 टीमों ने घर-घर जाकर सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस के मुताबिक पिछली दबिश में जिन रास्तों से आरोपी फरार हुए थे, इस बार उन रास्तों को पहले ही कवर कर लिया गया था। नए रास्तों से भागने की कोशिश भी नाकाम रही।

31 पुरुष और 8 महिलाएं सहित 39 आरोपी दबोचे

इस बड़ी कार्रवाई में 31 पुरुष और 8 महिलाओं सहित कुल 39 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार इनमें से कई आरोपियों की तलाश अन्य राज्यों की पुलिस भी कर रही थी। सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

पांच छतें कूदकर भागा शातिर, आखिरकार किया सरेंडर

एक शातिर आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए एक के बाद एक पांच छतों पर छलांग लगाई। लेकिन चारों तरफ पुलिस की घेराबंदी देख वह घबरा गया और आखिरकार सिर पकड़कर बैठ गया। बाद में उसने आत्मसमर्पण कर दिया।

एक करोड़ से अधिक के जेवरात जब्त, गांजा भी बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 90 लाख रुपए कीमत का 644.56 ग्राम सोना और 240 ग्राम चांदी जब्त की। इसके अलावा 39 मोबाइल फोन और 17 चोरी की बाइक भी बरामद की गईं।

नजमा (35) नामक महिला के पास से 1 किलो 700 ग्राम गांजा मिला, जिस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है।

1 लाख का इनामी आरोपी शहादत गिरफ्तार

पुलिस ने 1 लाख रुपए के इनामी आरोपी शहादत को भी गिरफ्तार किया है। वह उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले का निवासी है और उसके खिलाफ राजगढ़ में लूट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

भोपाल पुलिस की ईरानी डेरे पर यह लगातार दूसरी बड़ी दबिश है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने में बड़ी मदद मिलेगी।