मंत्री नारायण सिंह की जुबान फिसली,पूर्व मुख्यमंत्रियों के सारे काम बेकार, CM यादव उन्हें आगे बढ़ा रहे'
शाजापुर जिले के प्रभारी प्रभारी एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायणसिंह कुशवाह की जुबान उस समय फिसल गई जब वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दो वर्षीय कार्यकाल की उपलब्धियां गिना रहे थे। मीडिया ने उनसे तपाक से सवाल किया कि आप सिर्फ मोहन यादव के दो साल के कार्यकाल की उपलिब्धियां बता रहे हैं क्या पूर्व के सीएम के काम बेकार थे
शाजापुर प्रेसवार्ता में मंत्री नारायणसिंह कुशवाह का बयान बना विवाद का कारण, बाद में दी सफाई
शाजापुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दो वर्षीय कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान शाजापुर जिले के प्रभारी मंत्री एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायणसिंह कुशवाह के एक बयान से विवाद खड़ा हो गया। उनके बयान के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
प्रेसवार्ता के दौरान एक मीडियाकर्मी द्वारा भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्रियों के कार्यों को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री कुशवाह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्रियों के सारे काम बेकार थे, जिन्हें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगे बढ़ा रहे हैं। यह बयान सामने आते ही चर्चा का विषय बन गया और इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं।
बयान पर बढ़ते विवाद के बाद मंत्री नारायणसिंह कुशवाह ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि उनके कथन को गलत संदर्भ में लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बाबूलाल गौर और उमा भारती के कार्यकाल में शुरू की गई योजनाओं को निरंतरता देते हुए नए विजन के साथ आगे बढ़ा रही है। सरकार का उद्देश्य विकास कार्यों को गति देना और जनता को उनका लाभ पहुंचाना है।
प्रेसवार्ता के दौरान शाजापुर जिला अस्पताल की बदहाली को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री का जवाब भी चर्चा में रहा। उन्होंने सीधे उत्तर देने के बजाय यह टिप्पणी कर दी कि “नाश्ता-चाय नहीं हुआ क्या।” उल्लेखनीय है कि जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। हाल ही में एक मरीज के परिजन द्वारा विधायक अरुण भीमावद को फोन पर शिकायत किए जाने के बाद विधायक ने स्वयं अस्पताल पहुंचकर नाराजगी जाहिर की थी।
इसके बाद मंत्री कुशवाह ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि वर्ष 2003 से मध्यप्रदेश में विकास की नई गाथा शुरू हुई। उस समय प्रदेश में लगभग सात लाख हेक्टेयर क्षेत्र में ही सिंचाई की सुविधा थी, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में बढ़ाकर 47 लाख हेक्टेयर तक किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्तमान में इस सिंचाई क्षमता को और अधिक बढ़ाने के लिए कार्य कर रहे हैं।
मंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, गरीब और कमजोर वर्गों के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार विकास की निरंतरता के साथ आगे बढ़ रही है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस