मोबाइल बना मौत की वजह: पति से विवाद के बाद पत्नी ने दूसरी मंजिल से कूदकर दी जान,सुबह खून से लथपथ मिली लाश

भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र की देव ग्रीन सिटी कॉलोनी में मोबाइल फोन और चरित्र पर संदेह को लेकर हुए पति-पत्नी विवाद के बाद 33 वर्षीय सोनम प्रजापति ने अपने डुप्लेक्स की दूसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। सोमवार सुबह घर के पास पथरीली जमीन पर उसका खून से लथपथ शव मिला। पुलिस मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, हालांकि हत्या के एंगल से भी पड़ताल जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मोबाइल बना मौत की वजह: पति से विवाद के बाद पत्नी ने दूसरी मंजिल से कूदकर दी जान,सुबह खून से लथपथ मिली लाश

-पत्नी विवाद बना जानलेवा, दूसरी मंजिल से कूदकर महिला की मौत

मोबाइल को लेकर तकरार, महिला ने उठाया अंतिम कदम; भोपाल में दर्दनाक घटना

भोपाल। राजधानी भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र स्थित कजलीखेड़ा की देव ग्रीन सिटी कॉलोनी में घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। चरित्र पर संदेह और मोबाइल फोन को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद 33 वर्षीय महिला ने अपने ही डुप्लेक्स मकान की दूसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। सोमवार सुबह घर के पास पथरीली जमीन पर महिला का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

तीन बच्चों की मां थी मृतका

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सोनम प्रजापति (33) के रूप में हुई है। वह अपने पति जितेंद्र प्रजापति और तीन बच्चों के साथ रहती थी। मिसरोद थाना टीआई पल्लवी पांडे ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पति को पत्नी के चरित्र पर संदेह था और वह उसे फोन पर किसी से बात करने से रोकता था।

बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले भी विवाद के दौरान पति ने गुस्से में पत्नी का मोबाइल फोन तोड़ दिया था।

रविवार रात हुआ विवाद, देर रात उठाया कदम

पुलिस पूछताछ में पति ने बताया कि रविवार रात मोबाइल फोन को लेकर दोनों के बीच फिर तीखी बहस हुई थी। सोनम ने मोबाइल चलाने के लिए मांगा, लेकिन पति ने मना कर दिया और सोने चला गया। आशंका है कि इसी बात से आहत होकर महिला देर रात छत पर पहुंची और दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी।

सोमवार सुबह पड़ोसियों ने घर के पास खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।

सुसाइड या हत्या? हर एंगल से जांच

हालांकि पुलिस इसे शुरुआती तौर पर आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन हत्या की आशंका को भी पूरी तरह खारिज नहीं किया गया है। पुलिस ने महिला की 14 वर्षीय बेटी और दोनों बेटों से पूछताछ की। बच्चों ने पिता पर किसी तरह की मारपीट या हत्या का आरोप नहीं लगाया, लेकिन घर में मोबाइल को लेकर अक्सर विवाद होने की बात स्वीकार की।

एएसआई संतोष कुमार के अनुसार, शव जिस स्थान पर मिला वहां पथरीली जमीन है और पत्थरों पर खून के निशान पाए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार शाम शव परिजनों को सौंप दिया गया।

10 साल से भोपाल में रह रहा था परिवार

मूल रूप से जबलपुर निवासी यह परिवार पिछले करीब 10 वर्षों से भोपाल में रह रहा था। पति जितेंद्र प्रजापति बढ़ई (कारपेंट्री) का काम करता है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।