ट्विशा शर्मा केस में बड़ा अपडेट: पति समर्थ 7 दिन की रिमांड पर, पासपोर्ट जब्त; AIIMS टीम करेगी दोबारा पोस्टमॉर्टम

ट्विशा शर्मा केस में कोर्ट ने आरोपी पति समर्थ सिंह की 7 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर ली है. कोर्ट रूम में सुनवाई के दौरान ट्विशा का भाई हर्षित भी पहुंचा. हर्षित और समर्थ के बीच पुलिस ने सुरक्षित दूरी बना के रखी थी. ट्विशा शर्मा की मौत की जांच लगातार आगे बढ़ रही है और इस बीच मामले से जुड़ी नई जानकारियां सामने आ रही हैं.

ट्विशा शर्मा केस में बड़ा अपडेट: पति समर्थ 7 दिन की रिमांड पर, पासपोर्ट जब्त; AIIMS टीम करेगी दोबारा पोस्टमॉर्टम

एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा केस में आरोपी पति समर्थ सिंह को शनिवार को भोपाल जिला कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने समर्थ की 7 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर ली। वहीं, ट्विशा के परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन पर कोर्ट ने समर्थ का पासपोर्ट जब्त करने के भी आदेश दिए हैं।

भोपाल की एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को शनिवार को भोपाल जिला कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। साथ ही, ट्विशा के परिजनों की मांग पर कोर्ट ने समर्थ का पासपोर्ट जब्त करने के आदेश भी दिए हैं, ताकि वह देश छोड़कर न जा सके।

शुक्रवार देर रात करीब दो बजे भोपाल पुलिस समर्थ को जबलपुर से लेकर भोपाल पहुंची थी। इसके बाद उसे कटारा हिल्स थाने में रखा गया। थाने के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और बैरिकेडिंग के साथ पुलिस बल तैनात किया गया। कोर्ट में पेशी से पहले उसका मेडिकल परीक्षण भोपाल के जेपी अस्पताल में कराया गया।

मामले में अब पुलिस पूछताछ, डिजिटल साक्ष्य, वायरल चैट और दोबारा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सबसे अहम कड़ी माने जा रहे हैं।

CCTV फुटेज आया सामने, ब्यूटी पार्लर में सामान्य दिखीं ट्विशा

जांच के बीच ट्विशा शर्मा के आखिरी मेकअप का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में वह अपने ससुराल के पास स्थित एक ब्यूटी पार्लर में नजर आ रही हैं। वीडियो में ट्विशा सामान्य, शांत और रिलैक्स दिखाई दे रही हैं।

बताया जा रहा है कि यह पार्लर उनके ससुराल से करीब 100 मीटर की दूरी पर था। पुलिस ने इस फुटेज को जांच के लिए जब्त कर लिया है और अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मौत से पहले उनके व्यवहार में कोई असामान्यता थी या नहीं।

इसी बीच कटारा हिल्स स्थित उस घर के हिस्से की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जहां ट्विशा का शव मिला था।

अजमेर जाने की तैयारी में थीं ट्विशा

जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। पुलिस को पता चला है कि ट्विशा ने 12 मई की सुबह 9:52 बजे भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस में रिजर्वेशन कराया था।

जानकारी के अनुसार वह 15 मई को अजमेर जाने वाली थीं, जहां उनके भाई मेजर हर्षित शर्मा की पोस्टिंग है। इस तथ्य को लेकर परिजन सवाल उठा रहे हैं कि यदि वह यात्रा की तैयारी कर रही थीं, तो फिर आत्महत्या का दावा कैसे सही माना जा सकता है।

हालांकि पुलिस अभी इस पहलू की भी जांच कर रही है।

मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

31 वर्षीय ट्विशा शर्मा की 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित बागमुगालिया एक्सटेंशन स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी।

ट्विशा रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की बहू थीं और उनके पति समर्थ सिंह पेशे से वकील हैं।

ससुराल पक्ष ने शुरुआत में इसे फांसी लगाकर आत्महत्या बताया था, लेकिन मायके पक्ष ने पति समर्थ सिंह और सास पर हत्या का आरोप लगाया।

मामले में ट्विशा की एक कथित व्हाट्सएप चैट भी वायरल हुई है, जिसमें उन्होंने अपनी मां को लिखा था— “मुझे बहुत घुटन हो रही है मां… ये लोग न रोने देंगे, न हंसने की वजह देंगे।”

यह चैट अब जांच एजेंसियों के लिए अहम साक्ष्य मानी जा रही है।

दिल्ली AIIMS की टीम करेगी दोबारा पोस्टमॉर्टम

मामले की गंभीरता को देखते हुए अब ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

कोर्ट ने दिल्ली AIIMS निदेशक को मेडिकल बोर्ड गठित करने की अनुमति दी थी। इसके बाद AIIMS फोरेंसिक विभाग प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता की देखरेख में चार वरिष्ठ डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड बनाया गया है।

टीम अत्याधुनिक उपकरणों के साथ शनिवार शाम राज्य सरकार के चार्टर्ड विमान से भोपाल रवाना हुई। देर रात तक टीम के भोपाल पहुंचने की संभावना जताई गई है। पोस्टमॉर्टम रविवार को किए जाने की तैयारी है।

इस मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट मामले की दिशा तय कर सकती है।

पुलिस कमिश्नर बोले— हर एंगल से जांच जारी

भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है और किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि समर्थ को देर रात भोपाल लाया गया था, इसलिए उससे पूछताछ नहीं हो सकी। अब रिमांड मिलने के बाद उससे घटना वाली रात की परिस्थितियों, पारिवारिक विवाद, मोबाइल चैट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और फरारी के दौरान गतिविधियों को लेकर पूछताछ की जाएगी।

कमिश्नर ने कहा कि पुलिस को यह अंदाजा नहीं था कि समर्थ सीधे कोर्ट पहुंचकर सरेंडर करेगा।

अब यह भी जांच होगी कि फरारी के दौरान किन लोगों ने उसकी मदद की, कहां उसे शरण मिली और वह किन-किन लोगों के संपर्क में रहा।

गिरिबाला सिंह को तीन नोटिस, फिर भी नहीं हुई पूछताछ

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह को पूछताछ के लिए तीन बार नोटिस भेजे जा चुके हैं, लेकिन वे अब तक पेश नहीं हुई हैं।

इसी कारण पुलिस ने उनकी अग्रिम जमानत निरस्त कराने के लिए अदालत में आवेदन दिया है।

पुलिस का कहना है कि जांच के लिए सभी संबंधित लोगों से पूछताछ जरूरी है।

हाइट विवाद पर पुलिस का जवाब

मामले में परिजनों ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि ट्विशा की वास्तविक लंबाई और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दर्ज लंबाई में अंतर है।

परिवार का दावा है कि ट्विशा की हाइट 5.73 इंच थी, जबकि रिपोर्ट में 5.7 इंच लिखा गया है।

इस पर पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि इस अंतर से जांच पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता और इससे केस की दिशा प्रभावित नहीं होगी।

समर्थ सिंह का वकालत लाइसेंस सस्पेंड

मामले में एक बड़ा कदम उठाते हुए बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने समर्थ सिंह का वकालत लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

BCI चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने इसके आदेश जारी किए।

शुक्रवार को जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे समर्थ को भोपाल पुलिस ने वहीं गिरफ्तार किया था। मीडिया ने बातचीत की कोशिश की, लेकिन वह पूरी तरह चुप रहा।

फरारी के दौरान बदला हुलिया

जांच में यह भी सामने आया कि फरारी के दौरान समर्थ ने अपनी पहचान छिपाने के लिए लुक बदल लिया था।

आमतौर पर क्लीन शेव रहने वाला समर्थ इस बार हल्की दाढ़ी में दिखाई दिया। वह फॉर्मल कपड़ों की जगह जींस-शर्ट और कैप में नजर आया। उसने चेहरा ढकने के लिए मास्क भी लगाया हुआ था।

अब पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि फरारी के दौरान उसने किन लोगों से संपर्क किया और कहां-कहां ठहरा।

फिलहाल पूरे मामले में पुलिस, SIT और मेडिकल बोर्ड की जांच जारी है। दोबारा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ से कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।