CM मोहन यादव ने MP में किया जनगणना 2027 प्रक्रिया का शुभारंभ-प्रदेश में 16 से 30 अप्रैल तक ऑनलाईन स्व-गणना का कार्य होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया प्रदेश में जनगणना 2027 की प्रक्रिया का ऑनलाईन आरंभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व-गणना पोर्टल पर प्रारंभिक पंजीकरण कर प्रदेश में स्व-गणना प्रक्रिया आरंभ की
Census 2027: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज (16 अप्रैल) से प्रारंभ हो रही जनगणना के तहत भोपाल स्थित अपने निवास पर स्व-गणना (Self-Enumeration) का फॉर्म भरकर जनगणना 2027 प्रक्रिया का शुभारंभ किया. सीएम मोहन यादव ने खुद स्व-गणना पोर्टल पर प्रारंभिक पंजीकरण किया और अपनी जानकारी फॉर्म में भरा. इस मौक पर उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के समग्र विकास को गति देने और योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ नागरिकों तक पहुंचाने के लिए यह प्रक्रिया अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना का फॉर्म अवश्य भरें.
जनगणना देश की रीढ़ और विकास की नींव...
सीएम मोहन यादव ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'आज से शुरू हो रही जनगणना के तहत भोपाल निवास में स्व-गणना (Self-Enumeration) का फॉर्म भरा. मध्यप्रदेश के समग्र विकास को गति देने और योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ नागरिकों तक पहुंचाने के लिए यह प्रक्रिया बहुत जरूरी है. सभी प्रदेशवासियों से मेरी अपील है कि स्व-गणना का फॉर्म भरें और जब जनगणना की टीम घर आए, तब सभी आवश्यक जानकारियां उन्हें अवश्य दें. यह बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए है. जनगणना देश की रीढ़ और विकास की नींव होती है.
मध्य प्रदेश में जनगणना का पहला चरण शुरू
बता दें कि मध्य प्रदेश में जनगणना 2027 के पहले चरण की औपचारिक शुरुआत हो गई है और यह 45 दिनों तक चलेगा. इस चरण में राज्य में मकानों और उनमें रहने वाले परिवारों की गणना की जाएगी और उनकी जानकारी एकत्र की जाएगी. इस दौरान 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक सेल्फ एन्यूमरेशन की प्रक्रिया चलेगी, जिसमें लोग खुद जानकारी दर्ज कर सकते हैं और Census Self Enumeration Portal के जरिए ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं. इस दौरान कुल 33 सवालों के जवाब देने होंगे. सेल्फ एन्यूमरेशन फॉर्म भरने के बाद जनगणनाकर्मी 1 मई से आपके घर पहुंचेंगे और आपके द्वारा दी गई जानकारी का सत्यापन करेंगे. यह पहला मौका है, जब इस बार पूरी जनगणना प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से की जा रही है, जिससे यह तेज, सटीक और पारदर्शी होगी.
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस