दतिया में शर्मनाक घटना: सरपंच पति को बेरहमी से पीटा, मुंह काला कर जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया
दतिया में शर्मनाक घटना: सरपंच पति को बेरहमी से पीटा, मुंह काला कर जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया
भतीजे संग गई थी नवविवाहिता, लौटकर बोली- अपनी मर्जी से गई थी; गुस्साए परिजनों ने सरपंच पति को बनाया निशाना, 5 आरोपियों पर केस दर्ज
दतिया। जिले के उनाव कस्बे में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के शक में ग्राम पंचायत सरपंच के पति के साथ मारपीट कर उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। आरोपियों ने पहले अधेड़ की लात-घूसों से पिटाई की, फिर मुंह पर कालिख पोतकर गले में जूतों-चप्पलों की माला पहनाई और पूरे गांव में जुलूस निकाला।
जानकारी के अनुसार, कस्बा निवासी 21 वर्षीय नवविवाहिता 19 मार्च को घर से बिना बताए चली गई थी। युवती की हाल ही में 20 फरवरी को शादी हुई थी, लेकिन वह ससुराल से लौटने के बाद दोबारा वहां नहीं गई। परिजनों का आरोप है कि वह सरपंच के भतीजे विशाल के साथ चली गई थी, जिससे उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था।
रविवार को युवती के परिजन सरपंच के घर पहुंचे और सरपंच पति लक्ष्मण वर्मा (55) के साथ मारपीट की। इसके बाद उनका मुंह काला कर जूतों-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को छुड़ाया तथा आरोपियों को मौके से खदेड़ा।
शाम को युवती वापस लौट आई और पुलिस को दिए बयान में उसने कहा कि वह अपनी मर्जी से गई थी। वहीं पुलिस ने लक्ष्मण वर्मा की शिकायत पर 5 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस