पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र,खुरई थाने में राजनैतिक दुर्भावना से प्रेरित दर्ज झूठे प्रकरण को निरस्त किया जाए

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र,खुरई थाने में  राजनैतिक दुर्भावना से प्रेरित दर्ज झूठे प्रकरण को निरस्त किया जाए

भोपाल: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिखकर सागर जिले के खुरई थाने में राजनैतिक दुर्भावना से प्रेरित दर्ज किए गए झूठे प्रकरण के संबंध में चिंता व्यक्त की है।

इस पत्र में दिग्विजय सिंह ने बताया है कि सागर जिले की खुरई तहसील के ग्राम बारधा में एक बच्चे मानस शुक्ला को हाईटेंशन लाईन से करंट लग गया था, जिसकी वजह से उसका एक हाथ कट गया था। इस मामले में राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने सागर जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को कार्यवाही करने के लिए 3 बार अलग-अलग तारिखों पर दिशा निर्देश दिए थे, लेकिन जिला प्रशासन ने कोई कार्यवाही नहीं की।

दिग्विजय सिंह ने बताया है कि खुरई विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता अंशुल सिंह परिहार ने इस मामले को उठाया था, लेकिन जिला पुलिस ने उन पर झूठा प्रकरण दर्ज कर लिया। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष  जीतू पटवारी ने इस अन्यायपूर्ण कार्यवाही को संज्ञान में लेते हुए एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की थी।

दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अनुरोध किया है कि पीड़ित मानस शुक्ला को न्याय दिलाने के लिए राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों पर दोषियों पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही पीड़ित की आवाज उठाने वाले अंशुल सिंह परिहार एवं उनके पिता श्री कैलाश सिंह परिहार के खिलाफ राजनैतिक दुर्भावना से प्रेरित दर्ज झूठे प्रकरण को निरस्त किया जाए।