प्रदेश की सरकार किसानों के साथ हैं, किसानों को किसी तरह का नुकसान नहीं होने देंगे – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के पक्ष में है और उनके किसी भी प्रकार के नुकसान को नहीं होने दिया जाएगा।

प्रदेश की सरकार किसानों के साथ हैं, किसानों को किसी तरह का नुकसान नहीं होने देंगे – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

अजय राज केवट माही

*प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस भोपाल मध्य प्रदेश

- मुख्यमंत्री ने जिले में खराब हुई सोयाबीन की फसल का सर्वे कराने के निर्देश दिये

 शाजापुर जिले में खराब हुई सोयाबीन की फसल को देखने आए मुख्यमंत्री डॉ. यादव

प्रदेश की सरकार किसानों के साथ हैं, किसानों को किसी तरह का नुकसान नहीं होने देंगे। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. Dr Mohan Yadav ने शाजापुर जिले की पोलायकलां तहसील के ग्राम खड़ी में विभिन्न कारणों से खराब हुई सोयाबीन की फसल के अवलोकन के बाद किसानों को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शाजापुर कलेक्टर सहित प्रदेश के सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिये कि वे खराब हुई सोयाबीन की फसल का सर्वे कराएं। इस दौरान प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री एदल सिंह कंषाना, विधायक श्री घनश्याम चन्द्रवंशी, श्री अरूण भीमावद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिंह सिसोदिया एवं डॉ. रवि पाण्डेय भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि बारिश कम होने एवं कीट प्रकोप के कारण जहां-जहां भी सोयाबीन की फसल को नुकसान हुआ है, उसका पूरा सर्वे कराया जायेगा, किसानों को नुकसान नहीं होने देंगे। किसानों को अधिकतम लाभ दिया जायेगा। किसानों की जिंदगी बेहतर हो, इसके लिए केन्द्र एवं राज्य की सरकार लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कलेक्टर शाजापुर को निर्देश दिये कि जिन किसानों को पिछले वर्षों की बीमा राशि प्राप्त नहीं हुई है, उनके प्रकरणों का निराकरण कराएं। आने वाले समय में शाजापुर जिले के किसानों को नर्मदा-पार्वती-चंबल-कालीसिंध लिंक परियोजना से पानी उपलब्ध कराया जायेगा। इससे गरीब किसानों के जीवन में बदलाव आएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश सरकार द्वारा देशी गाय पालन को प्रोत्साहन देने के लिए शुरू की गई कामधेनु योजना के बारे में बताते हुए कहा कि इस योजना में किसानों से गाय का दूध क्रय किया जायेगा। 25 गाय के पालन पर लगने वाली राशि 40 लाख रूपये पर सरकार द्वारा 10 लाख रूपये का अनुदान भी दिया जायेगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक संख्या में विचरण कर रही गायों के लिए गौशालाएं भी बनाई जायेगी। गौशालाओं को गायों के रखरखाव के लिए 40 रूपये प्रति गाय की दर से अनुदान दिया जायेगा। 5 हजार से अधिक पशु रखकर गौशाला संचालित करने पर भूमि भी उपलब्ध कराई जायेगी। इसी तरह क्षेत्र में विचरण कर रहे वन्यप्राणियों जैसे कि हिरण, नील गाय आदि के समुचित व्यवस्थापन के निर्देश भी वन विभाग को दिये। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले पशुओं को हटाने का काम किया जायेगा, ताकि किसान बिना किसी चिंता के अपनी फसलों का उत्पादन प्राप्त करें और खुशहाल बनें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने “एक बगिया माँ के नाम” योजना के बारे में बताया और कहा कि किसानों को एक एकड़ जमीन में फलोद्यान लगाने पर प्रथम वर्ष 2 लाख रूपये तथा इसके अगले वर्ष 55 हजार रूपये इस प्रकार 3 वर्ष तक अनुदान दिया जायेगा। तीन वर्ष पश्चात किसानों को फलोद्यान से आय प्राप्त होने लगेगी।

कपास उत्पादन को प्रदेश सरकार प्रोत्साहित करेगी

किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में कपास उत्पादन को प्रोत्साहित किया जायेगा। इसके लिए धार जिले के बदनावर में “पीएम मित्रा” औद्योगिक पार्क विकसित करने जा रहे हैं, जिसका 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शिलान्यास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि धार जिले सहित मालवा निमाड़ अंचल के कपास उत्पादक किसानों के जीवन में अभूतपूर्व परिवर्तन लाने का माध्यम बनेगा।

किसान से नुकसानी की जानकारी ली

     मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्राम खड़ी के किसान परवत सिंह बगाना के निवास पर जाकर उससे सोयाबीन की खराब हुई फसल से हुए नुकसान के बारे में जानकारी ली।

  इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना, पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

हेलीपेड पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत

     शाजापुर जिले के पोलायकलां आगमन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिंह सिसोदिया, विधायक श्री अरूण भीमावद व श्री घनश्याम चन्द्रवंशी ने पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। इस दौरान अतिरिक्त संभागायुक्त श्री रत्नाकर झा ने मुख्यमंत्री की अगवानी की।