तीन वर्षों के पौधरोपण की होगी थर्ड पार्टी जांच, मृत पौधों को बदलने के निर्देश: डीएम

उरई में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई जिला वृक्षारोपण, गंगा और पर्यावरण समिति की बैठक में पिछले तीन वर्षों में किए गए पौधरोपण की थर्ड पार्टी से जांच कराने के निर्देश दिए गए। मृत पौधों को बदलकर नए पौधे लगाने और नून नदी से जुड़े कार्यों की कार्ययोजना एक सप्ताह में प्रस्तुत करने को कहा गया।

तीन वर्षों के पौधरोपण की होगी थर्ड पार्टी जांच, मृत पौधों को बदलने के निर्देश: डीएम

जिला वृक्षारोपण, गंगा व पर्यावरण समिति की बैठक में तैयारियों की समीक्षा, नून नदी कार्ययोजना एक सप्ताह में देने के निर्देश

उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और नदी संरक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने समस्त विभागों को निर्देश दिए कि पिछले तीन वर्षों में कराए गए वृक्षारोपण की थर्ड पार्टी मॉनिटरिंग टीम से जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पौधे सूख गए हैं या नष्ट हो गए हैं, वहां तुरंत नए पौधे लगाकर उनकी देखभाल सुनिश्चित की जाए।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी ने सभी विभागों को आवंटित लक्ष्यों के अनुसार स्थल चयन और गड्ढा खुदान की जानकारी समय पर भेजने के निर्देश दिए। साथ ही वर्ष 2026 में प्रस्तावित वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों को लेकर शासन द्वारा जारी टाइमलाइन से भी विभागों को अवगत कराया गया।

जिला गंगा समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई, जालौन को नून नदी पर प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, जलशक्ति मंत्री प्रतिनिधि अरविंद चौहान, प्रभागीय वनाधिकारी, परियोजना निदेशक सहित जनपद के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।