भाईदूज पर CM मोहन यादव ने लाड़ली बहनों को दिया तोहफा , अब से हर महीने मिलेंगे 1500 रुपये,बहनों की मुस्कान ही सरकार की पूंजी है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाई दूज पर लाड़ली बहनों का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लाड़ली बहना योजना के तहत अब हर महीने 1500 रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों का आशीर्वाद हमेशा सरकार के साथ है और सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बहनों ने भी मुख्यमंत्री को भाई के रूप में पाकर खुशी जताई।
 
                                भोपाल में गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में भाई दूज कार्यक्रम मनाया गया। इस मौके पर प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बहनों के शब्द और उद्गार सुनकर अभिभूत हूं। आज बहनों को 250 रुपये की राशि शगुन के रूप में भेज रहे हैं।
मध्यप्रदेश की 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में अब हर महीने 1500 रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे।
Ladli Behna Yojana: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भाईदूज के मौके पर प्रदेश की 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में 250 रुपए ट्रांसफर कर दिए हैं। उन्होंने बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि 1.26 करोड़ बहनों का भाई होना मामूली बात नहीं है। आपका आशीर्वाद जीवनभर बना रहे। अब से हर महीने 1500 रुपए मिलेंगे।
2029 में और राशि बढ़ेगी
सीएम डॉ मोहन यादव ने राजधानी भोपाल में स्थित सीएम हाउस से कहा कि बहनों को जगदंबा, लक्ष्मी और सरस्वती ऐसे ही नहीं कहा जाता है। उस परिवार पर कोई आंच आ जाए तो वह चट्टान की तरह खड़ी हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि मंच पर दिख रही संख्या 2029 में और बढ़ेगी। कांग्रेस ने बहनों के लिए ऐसी योजना शुरू नहीं की, यह दुर्भाग्य है। जो ऐसा करते हैं कि इस राशि से लाड़ली बहनें शराब पीती हैं, उन्हें लकवा मार जाए, वे डूब मरें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संसार की किसी भी सभ्यता में नारी शक्ति को इतना ऊंचा स्थान नहीं मिला, जितना भारतीय सनातन संस्कृति में दिया जाता है। भाईदूज बहन के आशीर्वाद और भाई के उत्तरदायित्व का पर्व है। मुझे इस बात का गर्व है कि मध्यप्रदेश इस परंपरा को न केवल जीवित रख रहा है, बल्कि उसे समाज की ताकत बना रहा है। हम लाड़ली बहना योजना को एक नए चरण में ले जा रहे हैं। इस योजना ने करोड़ों बहनों के जीवन में उजाला भरा, अब वह और भी बड़ी होने जा रही है। प्रदेश की बहनों के खाते में 1250 नहीं, बल्कि अब हर महीने 1500 रुपए आएंगे। यह जो 250 रुपए बढ़ रहे हैं, यह बहनों को नई हिम्मत, नई उम्मीद देंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी, तब से अक्टूबर 2025 तक हमने करोड़ों रुपए की राशि बहनों के खातों में भेजी है। मुझे यह जानकर बेहद खुशी होती है कि किसी बहन ने इस पैसे से सिलाई मशीन खरीदी, तो किसी ने फोटोकापी मशीन, किसी बहन ने अचार-पापड़ का बिजनेस शुरू किया, तो किसी बहन ने बकरी और गाय खरीदकर डेयरी शुरू की। अब उसकी कमाई से बच्चों को अच्छी शिक्षा, परिवार को अच्छा जीवन देने में सफल हो रही हैं। बहनें अब अपने परिवारों का आर्थिक संबल भी बन रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी संस्कृति कहती है कि बहन-बेटियों का सम्मान और संबल देने से घर-आंगन में समृद्धि और सौभाग्य हमेशा बना रहता है। मध्यप्रदेश में यह अनुभव बिलकुल सत्य साबित हुआ है। पिछ़ले डेढ़ साल में मध्यप्रदेश ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐसे कदम उठाए हैं, जो पूरे देश के लिए मिसाल बन गए हैं। लाड़ली लक्ष्मी योजना से प्रदेश की बेटियां पैदा होते ही लखपति बन रही हैं। वर्तमान में प्रदेश में 51 लाख से अधिक लाड़ली लक्ष्मी बेटियां हैं। इस योजना से मिलने वाली राशि से स्कूल और कॉलेज की पढ़ाई कर रही हैं। मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना ने गरीब बेटियों का जीवन संवारा है। जननी सुरक्षा योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से गर्भवती माताओं का ख्याल रखा जा रहा है। महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए हमने देवी अहिल्या नारी सशक्तिकरण मिशन की शुरुआत की है, जो हमारी बहनों को हर स्तर पर नई ताकत और अवसर दे रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की तीन लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का इस अभिनव योजना के लिए आभार ज्ञापित किया। लाड़ली बहन सुश्री पिंकी जैन ने कहा कि लाड़ली बहनों को योजना का लाभ मिलने से बहने सशक्त हुई हैं। मैंने पापड़ बनाने के लिए मशीन लगाई है। बहन सुश्री संगीता ने कहा कि प्रदेश की बहनें लाडली योजना की राशि से आर्थिक रूप से समृद्ध हुई हैं। भाई के रूप में मिले प्रदेश के मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हैं। बहन सुश्री रोहिणी ने कहा कि आज भाईदूज पर बहनों को 250 रुपए अतिरिक्त राशि मिलने पर मुहर लग गई है। आगे हर माह सभी लाडली बहनों को 1500 रुपए मिलेंगे। इस योजना की राशि से बहनों को अपने व्यवसाय और स्वरोजगार स्थापित करने में बहुत बड़ी मदद मिली है।
मुख्यमंत्री निवास बना लाड़ली बहनों का मायका : राज्यमंत्री गौर
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने कहा कि आज मुख्यमंत्री निवास प्रदेश की लाडली बहनों का मायका बना है। भाईदूज ऐसा पर्व है जिसमें भाई अपनी बहनों के लिए रक्षा, सुरक्षा और मान सम्मान का संकल्प लेता है। लाड़ली बहना योजना से बहनों का घर परिवार में सम्मान बढ़ने लगा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह संकल्प लिया है कि अब प्रदेश की बहनें मजबूरी का नहीं, मजबूती का जीवन जी रही हैं। ये बहनों का गर्व है कि प्रदेश को ऐसे संवेदनशील मुख्यमंत्री मिले हैं। राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सपने को साकार कर रही है। हमारे मुख्यमंत्री कदम-कदम पर लाडली बहनों के साथ उनकी ढाल बनकर खड़े हैं।
राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में बहनों को हर माह लाड़ली बहना योजना की राशि का तोहफा मिल रहा है। अगले माह से बहनों के खाते में हर महीने 1500 रुपए दिए जाएंगे।
कार्यक्रम में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, विधायक श्री भगवान दास सबनानी, विधायक श्री विष्णु खत्री, महापौर भोपाल श्रीमती मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी, श्री रविन्द्र यति, जनप्रतिनिधि, आयुक्त महिला एवं बाल विकास श्रीमती निधि निवेदिता सहित बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित थीं।
 प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस
                                प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस 
                             archana
                                    archana                                 
                 
                 
                 
                 
                 
                 
                 
            
             
            
             
            
             
            
             
            
             
            
             
            
             
            
             
            
             
            
             
            
             
            
                                        
                                     
            
             
            
            