दर्दनाक हादसा :स्टीयरिंग में फंसने से ड्राइवर की मौत,कार को 70-मीटर घसीटने के बाद पलटी आबकारी विभाग की गाड़ी ; तीन लोग घायल
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मृतक चालक का शव वाहन से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.
बालाघाट में तेज रफ्तार आबकारी वाहन ने कार को 70 मीटर तक घसीटा। हादसे में चालक की मौके पर मौत, मासूम समेत तीन लोग घायल।
बालाघाट जिले के वारासिवनी में आबकारी विभाग के एक तेज रफ्तार वाहन ने आगे चल रही कार को टक्कर मार दी। उसे करीब 70 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में सरकारी वाहन के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक मासूम सहित परिवार के तीन लोग घायल हैं। हादसाा रविवार सुबह का है।
ब्रेकर पर धीमी हुई थी कार, पीछे से काल बनकर आया वाहन
हादसा सीएम राइज स्कूल के सामने हुआ। पुलिस के अनुसार, मलाजखंड निवासी धर्मवीर गौतम (37) अपनी पत्नी मेघा और 3 वर्षीय बेटे रुद्रांश के साथ कार (MP 09 MH 2452) से वर्धा जा रहे थे। स्कूल के पास स्थित ब्रेकर पर धर्मवीर ने जैसे ही अपनी कार धीमी की, पीछे से आ रहे आबकारी विभाग के वाहन (MP 50 ZB 3654) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
स्टीयरिंग में फंसा रहा चालक, मौके पर तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि आबकारी वाहन कार को घसीटते हुए आगे ले गया और फिर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में आबकारी वाहन के चालक जितेन्द्र बावने (24) स्टीयरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में सवार दो अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है।
बाल-बाल बचा परिवार, मासूम को आई चोट
कार में सवार गौतम परिवार के लिए यह किसी चमत्कार से कम नहीं था कि इतनी भीषण टक्कर के बावजूद वे सुरक्षित रहे। धर्मवीर और उनकी पत्नी को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि, उनके तीन साल के बेटे रुद्रांश की कमर में चोट लगी है। तीनों का इलाज वारासिवनी के अस्पताल में किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही वारासिवनी थाना प्रभारी पवन यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मृतक चालक का शव वाहन से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस