बैरसिया MLA का वेयरहाउस ब्लैकलिस्ट: सरकारी खरीदी से पहले ही 6522 क्विंटल गेहूं मिला, सहकारी समिति पर भी गिरी गाज
बैरसिया विधायक विष्णु खत्री के भागवती वेयरहाउस में सरकारी खरीदी से पहले 6522 क्विंटल गेहूं मिलने पर खाद्य विभाग ने इसे ब्लैकलिस्ट कर दिया है। बारदाना देने वाली सहकारी समिति पर भी कार्रवाई हुई है। जांच में गोदाम और समिति प्रबंधन की मिलीभगत सामने आई, जिसके चलते इस साल यहां खरीदी नहीं होगी और संबंधित किसानों से भी गेहूं नहीं खरीदा जाएगा।
बैरसिया MLA के वेयरहाउस पर कार्रवाई: 6522 क्विंटल गेहूं मिलने पर ब्लैकलिस्ट, सहकारी समिति भी घेरे में
भोपाल के बैरसिया से बीजेपी विधायक विष्णु खत्री के भागवती वेयर हाउस को खाद्य विभाग ने ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इस साल यहां सरकारी गेहूं खरीदी नहीं होगी। साथ ही बारदाना उपलब्ध कराने वाली सहकारी समिति पर भी कार्रवाई की गई है।
शिकायत के बाद बनी जांच समिति ने वेयरहाउस में 6522.50 क्विंटल गेहूं मिलने की पुष्टि की। इसमें करीब 5 हजार क्विंटल गेहूं 50-50 किलो के नए बोरों (करीब 11 हजार बैग) में भरा मिला, जबकि 550 क्विंटल गेहूं खुले में रखा था। कुल स्टॉक की कीमत लगभग 1.43 करोड़ रुपए आंकी गई।
फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन के अनुसार, जिस वेयरहाउस में यह गेहूं मिला है, उसे इस वर्ष खरीदी प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया है। वहीं, संबंधित सहकारी समिति को भी ब्लैकलिस्ट किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि खरीदी शुरू होने से पहले ही सरकारी बारदानों में किसानों का गेहूं अवैध रूप से भंडारित किया गया था, जिसमें गोदाम और समिति प्रबंधन की मिलीभगत पाई गई। अब संबंधित किसानों से भी खरीदी नहीं की जाएगी और बारदाना नागरिक आपूर्ति निगम को लौटाया जाएगा।
मामले के सामने आने के बाद खाद्य विभाग ने क्षेत्र के एक दर्जन वेयरहाउस की जांच की, जिसमें एक अन्य वेयरहाउस के बाहर भी गेहूं का स्टॉक मिला है। बैरसिया जनपद अध्यक्ष के पति और भाजपा नेता कुबेर सिंह गुर्जर से जुड़े वेयरहाउस की भी जांच जारी है।
इधर, भोपाल जिले में 10 अप्रैल से 92 केंद्रों पर गेहूं खरीदी शुरू होगी। हालांकि बारदाने की कमी के चलते तारीख तीन बार बढ़ाई जा चुकी है, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस