बैतूल भाजपा की नई कार्यकारिणी घोषित: 23 पदाधिकारियों में 13 नए, 10 पुराने नेताओं को फिर मिला मौका
भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश ने बैतूल जिले की नई जिला पदाधिकारी टीम की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति से यह नियुक्तियां की गई हैं। इस सूची में कुल 23 पदाधिकारी शामिल हैं, जिनमें उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, कोषाध्यक्ष और अन्य प्रमुख जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

लंबे इंतजार के बाद कार्यकारिणी का ऐलान
8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री और 8 मंत्री बनाए गए
कमलेश सिंह दूसरी बार बने महामंत्री
पूर्व विधायक सुनीता बेले को पहली बार पद मिला
नए और पुराने चेहरों का संतुलन साधा गया
जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार बोले – संगठन को मजबूत करेगी टीम
बैतूल। भारतीय जनता पार्टी जिला बैतूल की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति से बनी इस कार्यकारिणी का लंबे समय से इंतजार था। कुल 23 पदाधिकारियों में 13 नए लोगों को जगह दी गई है, जबकि 10 पुराने चेहरों को दोबारा मौका मिला है।
घोषित कार्यकारिणी में 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री, 8 मंत्री, 1 कार्यालय मंत्री, 1 सह कार्यालय मंत्री, 1 कोषाध्यक्ष और 1 सह कोषाध्यक्ष शामिल किए गए हैं।
पुराने पदाधिकारियों में राजेन्द्र मालवीय, रश्मि साहू, नरेन्द्र गढेकर, इंद्रपाल पुण्डे, कांतिलाल यादव, कमलेश सिंह, वर्षा गढेकर, अतीत पंवार और दीपक सलूजा के नाम शामिल हैं। इनमें केवल कमलेश सिंह को लगातार दूसरी बार महामंत्री बनाया गया है।
मंत्रियों में भैयालाल इरपाचे, संजय सूर्यवंशी, उर्मिला उइके, रोशनी विशाल ठाकुर, सोनू सुनील भलावी, लता प्रमोद धोटे और सुनीता बेले को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि पूर्व विधायक सुनीता बेले को भाजपा में शामिल होने के बाद पहली बार पद मिला है।
पार्टी नियम के अनुसार, जिला इकाई की पुरानी कार्यकारिणी से 60 फीसदी से अधिक पदाधिकारी बदले नहीं जा सकते। इसी कारण नई टीम में नए और पुराने चेहरों का संतुलन साधा गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार ने कहा कि यह कार्यकारिणी जिले में संगठन को मजबूत करेगी और आगामी चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाएगी।