नकुल नाथ के सामने भिड़े कांग्रेस कार्यकर्ता, दो गुटों में झूमाझपटी; पुलिस ने संभाला मोर्चा, Video वायरल
नरसिंहपुर में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने स्वतंत्रता सेनानी रानी अवंतीबाई लोधी का 168वां बलिदान दिवस मनाया। इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुल नाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
जनपद मैदान कॉम्प्लेक्स के सामने जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मंच पर ही कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प और गाली-गलौच शुरू हो गई, जिससे समारोह की गरिमा पर सवाल खड़े हो गए।
नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में शुक्रवार को कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान झड़प हो गई। पूर्व सांसद नकुलनाथ के जाने के बाद कांग्रेसी आपस में भिड़ गए। जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए दोनों गुटों को अलग करवाया।
बता दें नकुलनाथ अपना भाषण खत्म कर मंच से नीचे उतरे ही थे और मीडिया से बात कर रहे थे, तभी हंगामे की आवाज आई। पीछे मुड़कर देखा तो पार्टी नेता आपस में भिड़ गए थे।
अपनी ही पार्टी में मचे बवाल का नजारा देख नकुलनाथ वहां से निकल गए। दरअसल, जिला कांग्रेस कमेटी रानी अवंतीबाई लोधी का 168वां बलिदान दिवस मना रही थी, इस कार्यक्रम में नकुलनाथ मुख्य अतिथि थे।
हुआ यूं कि कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी लाखन सिंह पटेल का भाषण चल रहा था। समय की कमी के चलते आयोजकों ने भाषण खत्म करने का इशारा किया, जो उनके एक रिश्तेदार कपिल पटेल को नागवार गुजरा।
जब तक नकुलनाथ मंच पर थे, मामला शांत रहा, लेकिन उनके उतरते ही गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को अलग किया।
अब कांग्रेस भले ही एकजुटता के लाख दावे करे, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर गुटबाजी को उजागर कर दिया। वर्चस्व की लड़ाई सड़क पर आ गई और पार्टी की किरकिरी भी हो गई।
नकुल नाथ ने बीजेपी की सरकार पर साधा निशाना
कार्यक्रम में बोलते हुए पूर्व सांसद नकुल नाथ ने कहा कि आज हमारे प्रदेश में हर वर्ग परेशान है. चाहें वह किसान हों, नौजवान हों या फिर महिलाएं हों. अभी सबसे ज्यादा बेरोजगारी हमारे मध्य प्रदेश में है. उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आपने किसानों से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन उन्हें अपनी फसलों का समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है. प्रदेश में जगह-जगह ओलावृष्टि और अतिवृष्टि हुई है. मैं भारतीय जनता पार्टी से मांग करता हूं किसानों को तुरंत मुआवजा दें.
साल 2024 में लोकसभा चुनाव हारे थे नकुल नाथ
नकुल नाथ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे हैं. जब कमल नाथ MP के मुख्यमंत्री बने, तो उन्होंने अपनी छिंदवाड़ा लोकसभा सीट छोड़ दी. इसके बाद इस सीट से उनके बेटे ने 2019 में चुनाव जीता था और लोकसभा पहुंचे थे. लेकिन साल 2024 के चुनाव में नकुल नाथ को भारतीय जनता पार्टी के विवेक बंटी साहू से हार का सामना करना पड़ा था.
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस