गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी का आज राजकोट में अंतिम संस्कार

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार आज यानी सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ राजकोट में किया जाएगा। पूर्व सीएम विजय रूपाणी का निधन 12 जून को एअर इंडिया विमान हादसे में हुआ था। इस हादसे में 274 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी का आज राजकोट में अंतिम संस्कार

गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी समेत एयर इंडिया विमान दुर्घटना के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने वाले होर्डिंग्स अहमदाबाद में लगाए गए।

एयर इंडिया विमान दुर्घटना में दिवंगत हुए गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को आज अंतिम विदाई दी जाएगी। उनके निधन के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर है। अहमदाबाद में जगह-जगह श्रद्धांजलि देने वाले होर्डिंग्स लगाए गए हैं, जिनमें रूपाणी को श्रद्धासुमन अर्पित किए जा रहे हैं।

2 बजे राजकोट पहुंचेगा पार्थिव शरीर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह 11:30 बजे अहमदाबाद के सिविल अस्पताल से उनका पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को विशेष विमान से राजकोट ले जाया जाएगा, जहां दोपहर करीब 2 बजे यह पहुंचेगा। राजकोट उनके गृह नगर के तौर पर जाना जाता है और यहीं पर उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।

शाम को राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

सरकारी कार्यक्रम के तहत शाम 5 बजे राजकीय सम्मान के साथ विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रशासन की ओर से अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

गुजरात में राजकीय शोक

राजकोट स्थित उनके आवास पर सुबह से ही समर्थकों और राजनीतिक नेताओं का आना-जाना जारी है। स्थानीय लोग उन्हें एक संवेदनशील, विनम्र और कुशल प्रशासक के रूप में याद कर रहे हैं। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। गुजरात सरकार की ओर से राजकीय शोक की घोषणा की गई है। राज्यपाल, मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं ने भी विजय रूपाणी को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

DNA टेस्ट में 90 पीड़ितों के सैंपल की हुई पहचान

अहमदाबाद प्लेन क्रैश में मृतकों की पहचान के लिए चल रही प्रक्रिया के तहत अब तक 90 शवों के डीएनए सैंपल परिजनों से मैच किए जा चुके हैं। इनमें से 33 शव परिजनों को सौंपे गए हैं, जिनमें 4 शव शनिवार को और 29 रविवार को सौंपे गए। परिजनों को सूचना देकर शव एम्बुलेंस और एस्कॉर्ट वाहन के साथ सौंपे जा रहे हैं। साथ ही मृतक प्रमाणपत्र, डीएनए रिपोर्ट और अन्य दस्तावेज भी दिए जा रहे हैं। इस हादसे में कुल 274 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 241 यात्री प्लेन में सवार थे। पहचान की प्रक्रिया तेजी से जारी है।

पूर्व सीएम स्वर्गीय विजय रूपाणी के बेटे रुषभ रूपाणी ने क्या कहा?

पूर्व सीएम स्वर्गीय विजय रूपाणी के बेटे रुषभ रूपाणी ने कहा कि यह सिर्फ हमारे परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि अन्य 270 परिवारों के लिए भी दुख की घड़ी है। मैं इस घटना के दौरान पुलिस, आरोग्य स्टाफ, सिविल डिफेंस, फायर सर्विसेज और आरएसएस कार्यकर्ताओं के बचाव प्रयासों के लिए उनका आभार व्यक्त करता हूं, जो सराहनीय है। मैं पीएम मोदी, सीएम भूपेंद्र पटेल और अन्य नेताओं का भी आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने सिर्फ हमारे परिवार के साथ ही नहीं, बल्कि अन्य सभी परिवारों का भी साथ दिया और उनका साथ दिया। मेरे पिता ने अपने 50-55 साल के राजनीतिक जीवन में कई लोगों के जीवन को छुआ। आज वे सभी लोग हमारे साथ खड़े हैं। पंजाब से भी कई पार्टी कार्यकर्ता अपनी संवेदना व्यक्त करने यहां आ रहे हैं।