पीसीसी चीफ बोले- मेट्रो कांग्रेस की देन, भाजपा कर रही सिर्फ उद्घाटन, भोपाल मेट्रो लॉन्च पर राजनीति गरमाई
भोपाल में कांग्रेस संगठन की नियुक्तियों और मेट्रो परियोजना को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह को पचमढ़ी प्रशिक्षण शिविर का नतीजा बताते हुए दिग्विजय सिंह और कमलनाथ पर तंज कसा तथा दावा किया कि जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां दिल्ली से रद्द कराई जा रही हैं। वहीं, पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल–इंदौर मेट्रो को कांग्रेस सरकार की देन बताते हुए भाजपा पर केवल उद्घाटन कर श्रेय लेने का आरोप लगाया।
भोपाल में कांग्रेस नियुक्तियों और मेट्रो श्रेय को लेकर सियासी घमासान तेज
भोपाल: मध्यप्रदेश में कांग्रेस संगठन की नई नियुक्तियों को लेकर मचे घमासान पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखा बयान दिया है। उन्होंने कांग्रेस के भीतर बढ़ती खींचतान को पचमढ़ी में हुए कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर का “पहला नतीजा” बताया।
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस में जो अंदरूनी कलह सामने आ रही है, वह अब खुलकर दिखाई देने लगी है। दिग्विजय सिंह और कमलनाथ पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “इन दोनों नेताओं से सावधान रहो, ये तुम्हें जीने नहीं देंगे और कुछ करने भी नहीं देंगे।”
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी अपनी पसंद से जिला अध्यक्ष नियुक्त कर रहे थे, लेकिन अब उन नियुक्तियों को दिल्ली से निरस्त कराया जा रहा है। शर्मा ने दावा किया कि अगर यही हाल रहा तो अगले विधानसभा चुनाव से पहले जीतू पटवारी को खुद इस्तीफा देना पड़ सकता है।
इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल मेट्रो के उद्घाटन को लेकर राज्य की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भोपाल–इंदौर मेट्रो परियोजना की परिकल्पना, योजना और इसकी नींव कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में रखी गई थी, जबकि मौजूदा भाजपा सरकार केवल उद्घाटन कर श्रेय लेने की राजनीति कर रही है।
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा शहरी परिवहन और बुनियादी ढांचे के विकास के पक्ष में रही है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में भोपाल और इंदौर जैसे बड़े शहरों के लिए मेट्रो परियोजना को मंजूरी दी गई थी और उसी दौरान इस पर ठोस काम की शुरुआत भी हुई थी।
इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी मेट्रो के शुभारंभ पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि समस्त भोपालवासियों को मेट्रो ट्रेन के शुभारंभ की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री रहते हुए उन्होंने इस परियोजना की पहल की थी और मुख्यमंत्री के रूप में इसका शिलान्यास किया था, आज वही परियोजना साकार हो रही है।
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास को लेकर गंभीर नहीं है और उसकी भूमिका केवल नारियल फोड़ने, फीता काटने और फोटो खिंचवाने तक सीमित रह गई है। उन्होंने कहा कि इससे न तो शहरों की यातायात समस्या का समाधान होगा और न ही आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
पीसीसी अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि भोपाल, इंदौर सहित अन्य बड़े शहरों के मास्टर प्लान पर ईमानदारी से काम करने की जरूरत है। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के विकास की जो मजबूत नींव रखी थी, उस पर आगे काम करना मौजूदा भाजपा सरकार की जिम्मेदारी है। जनता को दिखावटी आयोजनों की नहीं, बल्कि ठोस विकास और बेहतर बुनियादी सुविधाओं की जरूरत है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस