आठ IAS अधिकारियों का तबादला, योगी सरकार ने जारी किया आदेश
यूपी में बुधवार की देर रात एक बार फिर कई आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए गए। कई विभागों के निदेशकों को बदल दिया गया। कुल आठ अफसरों की जिम्मेदारी बदली गई है। कानपुर नगर आयुक्त और रायबरेली के मुख्य विकास अधिकारी को बदला गया है।

उत्तर प्रदेश में बुधवार देर शाम 8 बड़े आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिये गए. प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के मकसद से किये इन तबादलों में कई विभागों के महानिदेशक और प्रबंध निदेशक बदले गए हैं
रायबरेली में सीडीओ पद पर तैनात IAS अर्पित अग्रवाल को कानपुर का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं मौजूदा नगर आयुक्त सुधीर कुमार का तबादला कर दिया गया है। शासन ने उन्हें विशेष सचिव, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग और अपर महानिरीक्षक, पंजीकरण के पद पर नियुक्त किया है।
अर्पित के सामने होंगी बड़ी चुनौतियां
अर्पित अग्रवाल के सामने शहर की सफाई व्यवस्था, स्मार्ट सिटी परियोजनाएं और नगर निगम की आर्थिक स्थिति जैसी बड़ी चुनौतियां होंगी। उम्मीद की जा रही है कि वे अपने अनुभव और तेज कार्यशैली से इन मोर्चों पर मजबूती से काम करेंगी।
सुधीर कुमार का डेढ़ साल में तबादला
आईएएस सुधीर कुमार जुलाई 2024 में कानपुर नगर आयुक्त बने थे। अभी उनका कार्यकाल डेढ़ साल भी पूरा नहीं हुआ था कि शासन ने तबादला कर दिया। 2018 बैच के अफसर सुधीर कुमार की गिनती साफ-सुथरी छवि वाले अधिकारियों में होती है।
ईमानदार और सक्रिय अफसर माने जाते रहे हैं
नगर निगम में अपने कार्यकाल के दौरान सुधीर कुमार ने पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ काम किया। उनके कामकाज की सराहना जनप्रतिनिधियों से लेकर निगमकर्मियों तक होती रही। वे इससे पहले शहर में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में भी बेदाग छवि के साथ काम कर चुके थे।
प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज
सुधीर कुमार का तबादला प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि नगर निगम में इस बदलाव पर कोई विरोध नहीं दिखा, लेकिन अधिकारी वर्ग में यह फैसला चर्चा का केंद्र बना हुआ है। अब शहर की नजरें अर्पित अग्रवाल पर हैं, क्या वे सुधीर कुमार की तरह ही तेज और पारदर्शी कार्यशैली को आगे बढ़ा पाएंगी, यह आने वाला समय बताएगा।
आईएएस सेल्वा कुमारी जेको को महानिदेशक प्राविधिक शिक्षा एवं सचिव, प्राविधिक शिक्षा विभाग बनाया गया है। वे अब तक सचिव नियोजन विभाग एवं महानिदेशक अर्थ एवं संख्या विभाग के पद पर कार्यरत थीं।
आईएएस समीर वर्मा को सचिव नियोजन विभाग एवं महानिदेशक अर्थ एवं संख्या विभाग बनाया गया है। वर्मा अब तक प्रतीक्षारत चल रहे थे।
प्रभु नारायण सिंह को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) नियुक्त किया गया है।
आईएएस मासूम अली सरवर को मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड का जिम्मा सौंपा गया है।
आईएएस आशीष कुमार को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम का दायित्व सौंपा गया है।
आईएएस सुधीर कुमार को विशेष सचिव, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के साथ-साथ अपर महानिदेशक निबंधन, उत्तर प्रदेश बनाया गया है।
आईएएस अर्पित उपाध्याय को नगर आयुक्त, कानपुर नगर नियुक्त किया गया है।अब तक मुख्य विकास अधिकारी रायबरेली के पद पर थे।
आईएएस अंजुलता को मुख्य विकास अधिकारी, रायबरेली बनाया गया है।