प्रीपेड मीटर के विरोध में कुठौंद के उपभोक्ता सड़कों पर,मीटर से हो रहा धन का दोहन
उरई के कुठौंद उपखंड कार्यालय पर प्रीपेड बिजली व्यवस्था की गड़बड़ियों से नाराज ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। स्मार्ट मीटर लगने के बाद अनियमित बिजली कटौती और बैलेंस में अचानक कमी को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने 24 घंटे में समस्या समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए, लेकिन जल्द सुधार न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
स्मार्ट मीटर के बाद बढ़ीं समस्याएं, अनियमित बिजली कटौती से लोग परेशान
बैलेंस में अचानक कटौती से उपभोक्ताओं में अविश्वास
ग्रामीणों ने की जोरदार नारेबाजी, बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन
उरई । प्रीपेड विद्युत आपूर्ति में लगातार हो रही अव्यवस्थाओं से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। कुठौंद स्थित उपखंड कार्यालय का ग्रामीणों ने घेराव कर जोरदार नारेबाजी की और बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से बिजली आपूर्ति अनियमित हो गई है। बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक बिजली काट दी जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि यदि 500 रुपये का बैलेंस डलवाने के बाद बिजली चालू भी हो जाती है, तो अगले ही दिन बैलेंस में करीब 200 रुपये की कमी दिखने लगती है, जो समझ से परे है। इससे उपभोक्ताओं में अविश्वास और नाराजगी बढ़ रही है।
घेराव और हंगामे की सूचना पर उपखंड अधिकारी और अवर अभियंता मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा और स्मार्ट मीटर से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ियों को ठीक किया जाएगा।
आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस