"डीएम राजेश कुमार पाण्डेय का कलेक्ट्रेट में औचक निरीक्षण, अभिलेखागार व न्यायालयों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश

उरई में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण कर अभिलेखागार और न्यायालयों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान अभिलेखों की सुरक्षा, फाइलों का सुव्यवस्थित रख-रखाव और वादकारियों की सुविधा पर विशेष जोर दिया गया।

"डीएम राजेश कुमार पाण्डेय का कलेक्ट्रेट में औचक निरीक्षण, अभिलेखागार व न्यायालयों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश

अभिलेखागार में पेन व मोबाइल कैमरा ले जाना होगा वर्जित

न्यायालयों में काज लिस्ट अनिवार्य रूप से बोर्ड पर चस्पा करने के निर्देश

एआईजी स्टांप कार्यालय में फाइलों को सुव्यवस्थित रखने पर जोर

वादकारियों और कर्मचारियों की सुविधा हेतु न्यायालय कक्ष में लगेंगे दो एसी

उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखागार राजस्व, अभिलेखागार फौजदारी, उप जिलाधिकारी न्यायालय, एआईजी स्टांप, अपर जिलाधिकारी न्यायिक न्यायालय, नजारत, भूलेख एवं संयुक्त कार्यालय का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभिलेखों के सुरक्षित रख-रखाव पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अभिलेखागार में मुआयना करते समय कोई भी व्यक्ति पेन व मोबाइल कैमरा जैसी वस्तुएं साथ न लाए। उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि अभिलेखागार का नियमित रूप से निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।

उप जिलाधिकारी न्यायालय में डीएम ने आदेश दिया कि काज लिस्ट अनिवार्य रूप से बोर्ड पर चस्पा की जाए, ताकि वादकारियों को जानकारी आसानी से मिल सके। वहीं, एआईजी स्टांप कार्यालय में उन्होंने फाइलों को सुव्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी न्यायिक न्यायालय में डीएम पाण्डेय ने वादकारियों व कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए न्यायालय कक्ष में दो एयर कंडीशनर लगाए जाने के आदेश दिए।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।