टीआई-एएसआई समेत 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड:रेत माफियाओं से सेटिंग पड़ी भारी, रिश्वत लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़ने का आरोप, वायरल वीडियो को लेकर SP की कड़ी कार्रवाई
मध्य प्रदेश में अवैध रेत खनन का मुद्दा लगातार गूंजता रहता है। आए दिन कोई न कोई मामला सामने आता ही रहता है लेकिन अब इसी मामले को लेकर मुरैना में बड़ी कार्रवाई हुई है। कार्रवाई करते हुए थाने के 7 पुलिस वालों पर एक साथ गाज गिरी है और उन्हें SP ने सस्पेंड कर दिया है। इस बड़ी कार्रवाई से हड़कंप है और विभाग में हलचल है।
मध्यप्रदेश में अवैध रेत के खेल ने एक बार फिर पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है। रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां थाने पहुंचीं, लेकिन ज्यादातर वाहन छोड़ दिए गए।
मुरैना: चिनौनी थाना पुलिस की अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई ने पुलिस महकमे में भूचाल ला दिया. विगत दिनों चंबल नदी के होराबराह घाट से रेत परिवहन करते पांट ट्रैक्टर ट्रॉलियों को पकड़ा था. आरोप है कि पुलिस ने 4 वाहनों को कथित रिश्वत लेकर छोड़ दिया था. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हुआ था, वीडियो जारी होते ही हड़कंप मच गया. थाना प्रभारी शंभू दयाल पर गंभीर आरोप लगे, तो जांच तेज हुई.
मामले की गंभीरता के चलते पुलिस अधीक्षक ने तुरंत सख्ती दिखाते हुए थाना प्रभारी सहित सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया. वीडियो सामने लाने वाले एएसआई पर भी कार्रवाई हुई. अब थाने की कमान ऋषि शर्मा को सौंप दी गई है. पूरे घटनाक्रम ने अवैध खनन और पुलिस की मिलीभगत पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. जबकि वीडियो ने सिस्टम की पारदर्शिता पर भी गंभीर बहस छेड़ दी है.
चंबल में अवैध खनन करते 5 ट्रैक्टर पकड़े थे
मुरैना जिले में चंबल नदी के होराबराह घाट से रोज सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां उत्खनन कर अवैध रेत भरकर ले जाती हैं. चिन्नौनी थाना प्रभारी शंभू दयाल बाथम के नेतृत्व में पुलिस ने 16 फरवरी सोमवार की शाम होराबराह घाट से रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन कर रहे पांच ट्रैक्टर ट्रॉलियों को बीहड़ में कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया. जिसका वीडियो मौके पर मौजूद ग्रामीण ने बना लिया. आरोप है कि इन ट्रैक्टर ट्रालियों को थाने ले जाने के बाद रिश्वत लेकर चार ट्रैक्टर ट्रालियों को छोड़ दिया गया.
इसी दौरान एएसआई कमलेश कुमार जाटव ने अपने मोबाइल से एक वीडियो बना लिया. उसमें बताया कि पुलिस द्वारा कुछ ट्रैक्टर ट्रॉली को रुपए लेकर छोड़ दिया गया है. बुधवार को ASI ने वीडियो पुलिस अधिकारियों को सेंड कर दिया और सोशल मीडिया पर भी डाल दिया.
SP ने TI सहित 7 को किया सस्पेंड
पुलिस अधीक्षक समीर सौरव ने इसे घोर अनुशासनहीनता की श्रेणी में लेते हुए बुधवार की रात तत्काल कार्रवाई कर थाना प्रभारी शंभू दयाल बाथम के साथ-साथ वीडियो सर्कुलेट करने वाले एएसआई कमलेश कुमार जाटव, प्रधान आरक्षक सनत कुमार, पुलिस आरक्षक नवीन पाटिल, ऋषिकेश शर्मा, प्रवीण शर्मा, किशन कटारा को सस्पेंड कर दिया है. इसी के साथ थाने का प्रभार झुंडपुरा चौकी प्रभारी ऋषि शर्मा को सौंप दिया गया है. एसपी ने कार्रवाई भले ही कर दी हो लेकिन रेत को लेकर पुलिस की किरकिरी हो रही है.
वीडियो की जांच कर रही पुलिस
इस मामले में ASP सुरेन्द्र पाल सिंह डाबर ने बताया कि, ''वीडियो सामने आया है और इसकी विभागीय जांच कराई जा रही है. अधिकारियों के अनुसार यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया गया है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी.''
माफिया और पुलिस की मिलीभगत पर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद मुरैना पुलिस की जमकर किरकिरी हो रही है. अब सवाल उठ रहे हैं कि अवैध रेत माफियाओं पर शिकंजा कसने के बजाय मुरैना पुलिस के भीतर ही अंदरूनी खींचतान क्यों बढ़ रहा है. मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है और जांच की मांग तेज हो गई है. चिन्नौनी थाने और रेत माफियाओं के कथित गठजोड़ पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस