आग का गोला बनी बेकाबू कार, 3 जिंदा जले: दो गंभीर रूप से घायल, राहगीरों ने 8 साल की बच्ची को बचाया

मध्य प्रदेश के बालाघाट में एक खौफनाक हादसा हुआ जहां एक बेकाबू कार में भीषण आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जिंदा जलकर मौत हो गई जिनमें एक तीन साल का बच्चा भी शामिल था।

आग का गोला बनी बेकाबू कार, 3 जिंदा जले: दो गंभीर रूप से घायल, राहगीरों ने 8 साल की बच्ची को बचाया

बालाघाट में देर रात एक भयानक सड़क हादसे में चलती कार दुर्घटनाग्रस्त होकर आग का गोला बन गई। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और एक 8 साल की बच्ची सुरक्षित बच गई।

बालाघाट जिले के बैहर-मलाजखंड मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गड्‌ढे में गिर गई। इस दौरान उसमें आग इतनी तेजी से आग फैली कि अंदर बैठे लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। ससुर, बहू और 3 साल का पोता जिंदा जल गए। इस बीच कुछ राहगीरों ने कांच फोड़कर तीन लोगों को बाहर निकाला। घटना केवलारी चौराहे के पास शनिवार रात 11 से 12 बजे के बीच की है।

मृतकों की पहचान नगारची केलकर (65 वर्ष), सविता केलकर (28 वर्ष) और अभि केलकर (3 वर्ष) के रूप में हुई है। सविता, नगारची की बहू और अभि पोता था। वहीं कार चला रहा बेटा सीतम केलकर (30) और नगारची की पत्नी नाना बाई केलकर (60) गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों को पड़ोसी जिला गोंदिया (महाराष्ट्र) रेफर किया गया है। बचाए गए लोगों में 8 साल की बच्ची पूर्वी राहांगडाले पूरी तरह सुरक्षित है।

अपने गांव से लौट रहा था परिवार

पुलिस के अनुसार, कार चालक सीतम केलकर अपने गृह ग्राम पोंडी (परसवाड़ा, बालाघाट ) से पौनी (मलाजखंड) जा रहा था। पौनी में उसकी वेल्डिंग की दुकान है। वह तीन दिन पहले अपनी पत्नी और बच्चे के साथ पोंडी आया था। देर रात वह अपने माता-पिता, पत्नी, मासूम बेटे और पड़ोसी बच्ची पूर्वी के साथ अपनी ऑल्टो कार से पौनी लौट रहा था, तभी हादसा हो गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदर्शकांत शुक्ला ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बैहर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने बताया कि यह पेट्रोल कार थी। पूरी तरह जल चुकी है। अभी इसका नंबर और मॉडल बता पाना संभव नहीं है।

सूचना मिलते ही पुलिस रवाना हो गई थी, तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दे दिया था। मलाजखंड नगर पालिका से पहुंचे फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार सवार तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं पुलिस ने ड्राइवर को झपकी आने की आशंका भी जताई है। हालांकि, चालक और उसकी मां दोनों आईसीयू में भर्ती हैं। अभी उनके बयान नहीं हुए हैं।