सर्वर फेल, भर्ती परीक्षा फेल! MPESB की 4 बड़ी परीक्षाएं रद्द, 3 घंटे इंतजार के बाद फूटा अभ्यर्थियों का गुस्सा
मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) की वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी और सहायक जेल अधीक्षक भर्ती परीक्षा की दूसरी पाली सर्वर फेल होने के कारण रद्द कर दी गई। परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होनी थी, लेकिन शुरू नहीं हो सकी।
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) की ओर से आयोजित वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी एवं सहायक जेल अधीक्षक भर्ती परीक्षा के दौरान रविवार को राजधानी भोपाल के एक परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा हुआ।
भोपाल। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) की वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी और सहायक जेल अधीक्षक भर्ती परीक्षा रविवार को तकनीकी अव्यवस्था की भेंट चढ़ गई। राजधानी भोपाल के मित्तल कॉलेज परीक्षा केंद्र पर दूसरी पाली की परीक्षा सर्वर फेल होने के कारण शुरू ही नहीं हो सकी। घंटों इंतजार के बाद परीक्षा स्थगित किए जाने की सूचना मिलने पर अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज छात्रों ने केंद्र परिसर में धरना-प्रदर्शन किया और परीक्षा प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालात संभालने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा।
MPESB द्वारा 4 जून से 19 जून 2026 तक आयोजित की जा रही भर्ती परीक्षा की दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक निर्धारित थी। अभ्यर्थियों के अनुसार वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे, लेकिन तकनीकी समस्या का हवाला देकर उन्हें लगातार इंतजार कराया जाता रहा। करीब तीन घंटे तक परीक्षा शुरू होने की उम्मीद बंधाई गई, लेकिन अंततः अधिकारियों ने सर्वर क्रैश होने की जानकारी देते हुए परीक्षा स्थगित कर दी।
परीक्षा निरस्त होने से अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि वे प्रदेश के विभिन्न जिलों और दूर-दराज क्षेत्रों से लंबा सफर तय कर परीक्षा देने पहुंचे थे। परीक्षा न होने से उनका समय, पैसा और महीनों की मेहनत बर्बाद हो गई। कई अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि उन्हें घंटों तक केंद्र में बैठाकर रखा गया और इस दौरान पर्याप्त सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई गईं। कुछ छात्र भूखे-प्यासे परेशान होते रहे।
विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने परीक्षा प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की। कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा में धांधली और पेपर लीक की आशंका भी जताई, हालांकि इन आरोपों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। छात्रों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हंगामे के बीच MPESB ने देर शाम आधिकारिक सूचना जारी कर बताया कि 7 जून की दूसरी पाली की परीक्षा तकनीकी कारणों से स्थगित की गई है। मंडल के अनुसार अब यह परीक्षा 20 जून 2026 को प्रथम पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी नए प्रवेश पत्र मंडल की वेबसाइट से डाउनलोड कर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा दोबारा कराने का फैसला स्वागत योग्य है, लेकिन तकनीकी खामी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। उनका मानना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवाओं की महीनों की मेहनत और आर्थिक संसाधन लगते हैं, ऐसे में बार-बार होने वाली तकनीकी गड़बड़ियां उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं।
जानकारी के अनुसार तकनीकी समस्या केवल भोपाल तक सीमित नहीं रही, बल्कि प्रदेश के अन्य परीक्षा केंद्रों से भी इसी तरह की शिकायतें सामने आईं। इससे भर्ती परीक्षा व्यवस्था को लेकर अभ्यर्थियों में व्यापक असंतोष देखने को मिला है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि MPESB भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाता है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस