नाबालिग की हत्या से सुलगा सिंगरौली: गुस्साई भीड़ का मोरवा थाने पर धावा, पेट्रोल बम और पत्थरबाजी, कार फूंकी
सच्चे रिश्तों की खूबसूरती एक-दूसरे की गलतियां बर्दाश्त करने में है : कैप्टन चन्द्र प्रकाश शर्मा क्षणिक क्रोध और अहंकार से टूट रहे परिवार, संयम और सहनशीलता की जरूरत मिलजुलकर ही सुलझें पारिवारिक और सामाजिक समस्याएं नशे से दूर रहें, बच्चों की शिक्षा पर दें विशेष ध्यान
सिंगरौली में 15 वर्षीय नाबालिग की हत्या से भड़का गुस्सा: भीड़ ने मोरवा थाने पर किया हमला, पेट्रोल बम फेंके और कार जलाई
सिंगरौली। 15 वर्षीय नाबालिग की हत्या के विरोध में बुधवार रात आक्रोशित भीड़ ने मोरवा थाने पर हमला कर दिया। गुस्साए लोगों ने थाने पर पत्थरबाजी की, पेट्रोल बम फेंके और एक कार में आग लगा दी। हालात बेकाबू होने पर पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और लाठीचार्ज करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार साईंनगर निवासी पवन शाह (15) नौ मार्च से लापता था। बुधवार को उसका शव एक सूने घर में क्षत-विक्षत हालत में मिला, जिससे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। हत्या की खबर मिलते ही परिजन और मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में मोरवा थाने पहुंच गए और आरोपियों को फांसी देने तथा उनके घर गिराने की मांग करते हुए प्रदर्शन करने लगे।
प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी और पुलिस वाहनों को निशाना बनाया। स्थिति और बिगड़ने पर पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस कर्मियों पर मिर्ची पाउडर भी फेंका।
उपद्रव के बीच रात करीब 10 बजे आक्रोशित भीड़ ने पंकज गुप्ता के घर के बाहर खड़ी एक कार में आग लगा दी। पुलिस ने मामला शांत कराने के बाद उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक पवन शाह को उसके दोस्त सुधांशु गुप्ता और इरशाद खान शराब पिलाने के बहाने सुनसान जगह पर ले गए, जहां गला दबाकर और पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
काली पन्नी में छिपाकर रखा था शव
आरोपियों ने हत्या के बाद शव को काली प्लास्टिक की पन्नी में बांधकर सूने घर में छिपा दिया था। योजना थी कि रात में शव को जंगल ले जाकर जला दिया जाए, लेकिन उससे पहले ही पुलिस को जानकारी मिल गई और शव बरामद कर लिया गया।
होली पर रंग लगाने को लेकर हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि होली के दिन पवन का इरशाद, सुधांशु और पंकज से रंग लगाने को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि बाद में समझौता हो गया था, लेकिन रंजिश के चलते आरोपियों ने पवन को पार्टी के बहाने बुलाकर हत्या कर दी।
वहीं मृतक के परिजनों का कहना है कि विवाद रंग लगाने को लेकर नहीं बल्कि मोहल्ले में अवैध शराब बिक्री को लेकर हुआ था। उनका आरोप है कि इरशाद अवैध रूप से शराब बेचने वाली दुकान में काम करता था और इसी बात को लेकर कहा-सुनी हुई थी।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस