सिंधिया के मंच पर कमलनाथ की तारीफ! महाराज के सामने BJP विधायक ने पूर्व CM को सराहा, बोले– आप भी सौगात दे दो
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सोमवार को अशोकनगर के दौरे पर थे। बीजेपी विधायक जगन्नाथ रघुवंशी ने उनसे कहा कि आप भी कमलनाथ की तरह एक ट्रेन चलवा दीजिए
कार्यक्रम के दौरान अचानक बदला सियासी सुर, BJP विधायक के बयान से मंच पर मचा हलचल, सिंधिया रहे मौजूद
दिव्यांगजनों के सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में दिखा सियासी रंग, चंदेरी विधायक ने सिंधिया से दिल्ली तक ट्रेन चलाने की रखी मांग
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के संसदीय क्षेत्र अशोकनगर दौरे के दौरान सोमवार को एक दिलचस्प सियासी घटनाक्रम देखने को मिला। दिव्यांगजनों के लिए आयोजित सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में चंदेरी के भाजपा विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी ने मंच से कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की खुलेआम तारीफ कर दी।
कार्यक्रम के दौरान सिंधिया की मौजूदगी में अपने संबोधन में विधायक रघुवंशी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपने क्षेत्र छिंदवाड़ा के लिए दिल्ली तक ‘पातालकोट एक्सप्रेस’ ट्रेन की सौगात दी थी। उन्होंने कमलनाथ के इस कार्य को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे विकास कार्य जनता के लिए बड़ी सुविधा होते हैं।
इसके बाद भाजपा विधायक ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया से अपने क्षेत्र के लिए भी एक बड़ी मांग रख दी। उन्होंने कहा, “यह आपका संसदीय क्षेत्र है महाराज साहब। मेरी और क्षेत्र की जनता की ओर से आपसे प्रार्थना है कि अशोकनगर या मुंगावली से दिल्ली के लिए एक ट्रेन चलवाई जाए, जो गुना और शिवपुरी होते हुए राजधानी तक पहुंचे।”
रघुवंशी ने इस प्रस्तावित ट्रेन को क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात बताया और कहा कि जिस सेवा भाव से सिंधिया दिव्यांगजनों की सहायता के लिए यहां आए हैं, उसी भावना से इस मांग को भी पूरा किया जाए।
गौरतलब है कि सोमवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अशोकनगर जिले के दौरे पर थे। इस दौरान शहर के विधि महाविद्यालय के पास आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर में उन्होंने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, इलेक्ट्रिक वाहन, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र और कृत्रिम अंग वितरित किए।
कार्यक्रम में भाजपा विधायक द्वारा कमलनाथ की तारीफ और सिंधिया से की गई ट्रेन की मांग राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी रही।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस